एअर इंडिया एक्सप्रेस के चालक दल की हड़ताल की जांच की जा रही है: मंत्री

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 25 Jul 2024 02:48 PM
एअर इंडिया एक्सप्रेस के चालक दल की हड़ताल की जांच की जा रही है: मंत्री
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) इस साल मई में हुई एअर इंडिया एक्सप्रेस के चालक दल के सदस्यों की हड़ताल के मामले की जांच कर रहा है और नियमों का अनुपालन नहीं करने की स्थिति में एयरलाइन को दंडित किया जाएगा।

लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान देश में उड़ानें रद्द होने से संबंधित पूरक प्रश्नों के उत्तर में नायडू ने कहा कि मंत्रालय यह सुनिश्चित कर रहा है कि कोई उड़ान रद्द नहीं हो और उसमें देरी न हो।

उनका कहना था कि ऐसी स्थिति में यात्रियों को मुआवजा मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए नागरिक उड्डयन मापदंड लागू हैं।

मंत्री ने प्रश्नकाल के दौरान कहा, ‘‘हम स्वीकार करते हैं कि एअर इंडिया एक्सप्रेस के साथ एक मुद्दा रहा है… चालक दल के साथ कुछ आंतरिक मुद्दे थे क्योंकि एअर इंडिया एक्सप्रेस का एयरएशिया इंडिया में विलय हो रहा था और एक सामूहिक हड़ताल (7 मई को) हुई थी।’’ हड़ताल के कारण बहुत सारी उड़ानें रद्द हुई थीं।

नायडू ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और नियमों का अनुपालन न करने की स्थिति में एयरलाइन को दंडित किया जाएगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav