अल्काराज ने लगातार दूसरे विम्बलडन फाइनल में जोकोविच को हराकर चौथा ग्रैंडस्लैम खिताब जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Jul 2024 10:31 PM
अल्काराज ने लगातार दूसरे विम्बलडन फाइनल में जोकोविच को हराकर चौथा ग्रैंडस्लैम खिताब जीता
ऑडियो सुनें

लंदन. स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने रविवार को यहां र्सिबयाई स्टार नोवाक जोकोविच को 6-2, 6-2, 7-6 (4) से हराकर 21 साल की उम्र में लगातार दूसरा विम्बलडन और चौथा ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम किया. यह ऑल इंग्लैंड क्लब के घसियाले कोर्ट पर पिछले साल के फाइनल मैच का दोहराव था जिसमें अल्काराज ने पांच सेट में जोकोविच को हराया था.

सेंटर कोर्ट पर रविवार को खेला गया फाइनल अल्काराज के लिए काफी आसान रहा जिसमें दर्शकों में कैंसर का उपचार करा रही ब्रिटेन की वेल्स की राजकुमारी केट मिडलटन भी मौजूद थीं. अल्काराज सिर्फ तीसरे सेट में 5-4 पर जीत के लिए र्सिवस करते समय तीन मैच प्वाइंट बरकरार रखते समय लड़खड़ाये. पर उन्होंने खुद को संभाला और पिछले महीने फ्रेंच ओपन में मिली जीत के बाद लगातार दूसरी ग्रैंडस्लैम ट्रॉफी जीती.

स्पेन के इस खिलाड़ी ने 2022 अमेरिकी ओपन में किशोर के तौर पर अपना पहला स्लैम खिताब जीता था. किसी भी खिलाड़ी ने 22 साल का होने से पहले उनसे ज्यादा ग्रैंडस्लैम खिताब नहीं जीते हैं. इससे मेजर फाइनल्स में उनका रिकॉर्ड 4-0 हो गया. वहीं 37 वर्षीय जोकोविच अपने आठवें विम्बलडन और 25वें ग्रैंडस्लैम खिताब से चूक गये. वह सर्जरी हुए घुटने पर पट्टी लगाये थे. तीन जून को रोलां गैरों में उनके घुटने में चोट लगी थी और दो दिन बाद ही उनकी सर्जरी हुई थी. करीब छह हफ्ते बाद भी जोकोविच रविवार को फॉर्म में नहीं दिखे.

जोकोविच के दोनों बच्चे ‘गेस्ट बॉक्स’ में थे, उन्होंने कहा, ”पहले दो सेट में मेरे खेल का स्तर अच्छा नहीं था. आज सब कुछ उसके हक में था. मैंने उसे पछाड़ने की कोशिश की. लेकिन ऐसा नहीं हो सका. ” तीसरे सेट में अल्काराज 5-4 से आगे थे. वह 40-लव से आगे था पर मौका उनके हाथ से निकल गया. वह डबल फॉल्ट करके अपना पहला चैम्पियनशिप प्वाइंट गंवा बैठे. इससे उनकी पांच गलतियों का सिलसिला शुरू हुआ जिसके कारण यह गेम जोकोविच ने अपने नाम किया. अल्काराज का एक बैकहैंड, एक फोरहैंड वॉली, एक फोरहैंड, एक और फोरहैंड खराब रहा. जोकोविच ने पूरे मैच में सिर्फ यहीं अल्काराज की र्सिवस तोड़ी. फिर स्कोर फाइव-ऑल हो गया जिससे अल्काराज परेशान दिखे और जोकोविच की वापसी की उम्मीद जगी.

लेकिन टाईब्रेकर में अल्काराज ने अपना चौथा मैच प्वाइंट हासिल किया और जितना हो सके उतना ‘कूल’ रहे. और जल्द ही वह अपने कोच जुआन कार्लोस फेरेरो और अन्य लोगों को गले लगाने के लिए स्टैंड पर चढ़ते दिखे. मुकाबला ढाई घंटे के अंदर खत्म हुआ. शुरुआती गेम से उतार चढ़ाव भरे लंबे मुकाबले की उम्मीद थी. लेकिन पहले दो सेट अल्काराज ने 6-2 से जीत लिये जिससे तीसरा सेट मैच का सबसे प्रतिस्पर्धी रहा.

जोकोविच ने पहले सेट में डबल फॉल्ट से दो ब्रेक प्वाइंट गंवा दिये. फिर दूसरे सेट की शुरुआत में नेट में वॉली लगाई और अंत में डबल-फॉल्ट से इसे गंवा बैठे. युवा अल्काराज ने अपने से उम्रदराज जोकोविच के खिलाफ बेहतरीन खेल दिखाया जिसमें उन्होंने ऐसे शॉट खेल जिन्हें कोई आजमा भी नहीं सकता था.

फाइनल से दो दिन पहले जोकोविच ने अल्काराज की प्रशंसा की थी. उन्होंने कहा था, ”मैं उसमें और खुद में बहुत समानतायें देखता हूं और यह कोर्ट से सांमजस्य बिठाने की काबिलियत के आधार पर कह रहा हूं. उसके पास किसी भी कोर्ट पर खेलने के लिए अनुकूल होने का कौशल है. वह बहुत प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी है. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu