भाजपा को छोड़ सभी दल कमीशन के जरिये पैसा कमाने के लिए सत्ता में आते हैं: नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 Dec 2022 07:31 PM
भाजपा को छोड़ सभी दल कमीशन के जरिये पैसा कमाने के लिए सत्ता में आते हैं: नड्डा
ऑडियो सुनें

कोप्पल. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भाजपा को छोड़कर सभी दल अपने परिवारों की सेवा करने और कमीशन के माध्यम से कमाई के लिए सत्ता में आते हैं. कर्नाटक के 10 जिलों में भाजपा के दफ्तरों का उद्घाटन करने के बाद नड्डा ने आरोप लगाया, ‘‘ भाजपा को छोड़कर सभी राजनीतिक दल अपने परिवार के लिए काम करते हैं और कमीशन के जरिए कमाई करते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई तक, भाजपा में हर कोई लोगों की सेवा करने और उनकी छवि और नियति बदलने के लिए दिन-रात मेहनत करता है.’’ उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस समुदायों को बांट रही है और विकास के बारे में कुछ नहीं जानती.

भाजपा प्रमुख ने कहा, ‘‘ कांग्रेस को पता नहीं है कि विकास क्या होता है. वे सिर्फ एक ही बात जानते हैं – सत्ता में कैसे आना है और इसका उपयोग अपने उद्देश्य के लिए कैसे करना है और कमीशन के माध्यम से कमाई करना है. कांग्रेस इससे आगे नहीं सोच सकती.’’ नड्डा ने कहा कि बोम्मई और उनके पूर्ववर्ती बी एस येदियुरप्पा (दोनों भाजपा से) जैसे मुख्यमंत्रियों ने अपने द्वारा किए गए कार्यों के बारे में बताने के लिए अपना रिपोर्ट कार्ड रखा हुआ है जो कोई और नहीं कर सकता.

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया यह नहीं बता सकते कि उनकी सरकार ने राज्य के लिए क्या किया, लेकिन हां, वह यह बता सकते हैं कि उन्होंने समाज में समुदायों को कैसे विभाजित किया.’’ उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो 1951-52 से राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ काम कर रही है. इस संबंध में, उन्होंने बताया कि कैसे भाजपा ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने, कश्मीर में जनसंघ नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान, गोवा के मुक्ति आंदोलन, शिमला समझौते के खिलाफ सड़क पर प्रदर्शन करने, श्रीनगर में लाल चौक पर तिरंगा फहराने और शाह बानो का मामला उठाने का काम किया है.

भाजपा अध्यक्ष ने भारत जोड़ो यात्रा का उपहास उड़ाया और कथित रूप से भारत विरोधी नारे लगाने वालों का पक्ष लेने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की. उन्होंने कहा, ‘‘यह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ नहीं है, बल्कि ‘भारत तोड़ो यात्रा’ है. यह प्रायश्चित यात्रा भी है क्योंकि उनके (राहुल गांधी के) पूर्वजों ने भारत को विभाजित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी.’’ उन्होंने प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर संविधान में अनुच्छेद 370 को शामिल करके शेष भारत से जम्मू-कश्मीर को अलग करने का आरोप लगाया, जिससे अशांत राज्य को विशेष दर्जा मिला. उनके मुताबिक, मोदी ने संविधान से प्रावधान को समाप्त करके इस भूल को सुधारा.

नड्डा ने कहा, ‘‘ राहुल, आप जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय जाते हो और उन लोगों के साथ खड़े होते हो जिन्होंने ‘अफजल हम र्शिमंदा हैं तेरे कातिल ंिजदा हैं’ जैसे नारे लगाए थे. अफजल गुरु भारतीय संसद पर हुए आतंकी हमले का सरगना था.’’ जाहिर तौर पर जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार का संदर्भ देते हुए नड्डा ने आरोप लगाया कि ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे इंशा अल्लाह’ के नारे लगाने वाला शख्स कर्नाटक में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उनके साथ घूम रहा था.

भाजपा नेता ने पूछा, ‘‘ क्या ऐसे लोग भारत को जोड़ेंगे या नष्ट करेंगे?’’ उन्होंने कहा कि भाजपा ‘तुष्टिकरण किसी का नहीं और सभी को न्याय’ के सिद्धांत का पालन करती है. भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य हर जिला मुख्यालय में पार्टी का कार्यालय खोलना है. उन्होंने कहा कि अब तक 296 कार्यालय हैं और 210 मार्च 2023 तक तैयार हो जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu