अरिजीत सिंह का संगीत समारोह रद्द होने पर टीएमसी-भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Dec 2022 09:35 PM
अरिजीत सिंह का संगीत समारोह रद्द होने पर टीएमसी-भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल में कोलकाता के पास न्यू टाउन इलाके में गायक अरिजीत सिंह के एक निर्धारित संगीत कार्यक्रम के रद्द होने के बाद सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने बृहस्पतिवार को एक-दूसरे पर निशाना साधा.

भाजपा ने आरोप लगाया कि 18 फरवरी को निर्धारित अरिजीत सिंह का संगीत कार्यक्रम इसलिए रद्द कर दिया गया क्योंकि गायक ने हाल ही में 28वें कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (केआईएफएफ) के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में अपना लोकप्रिय गीत ‘रंग दे तू मोहे गेरुआ’ गाया था जिसमें ‘गेरुआ’ रंग का जिक्र है.

टीएमसी ने इस आरोप को खारिज करते हुए दावा किया कि जी-20 समूह की बैठक के कारण यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है. टीएमसी ने कहा कि भाजपा ‘‘भगवा रंग की संरक्षक नहीं है’’. टीएमसी ने कहा कि संगीत कार्यक्रम उसी तारीख को आयोजित किया जाएगा और वैकल्पिक स्थान की तलाश जारी है.

विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ट्वीट किया, ‘‘जब पाकिस्तानी गायक गुलाम अली की बात आती है तो संगीत की कोई सीमा नहीं होती है, लेकिन हिंदुस्तानी गायक अरिजीत सिंह के लिए मामला अलग है.’’ गौरतलब है कि 2016 में शिवसेना की धमकियों के कारण मुंबई में गुलाम अली का कार्यक्रम रद्द होने के बाद ममता बनर्जी ने कोलकाता में उन्हें एक संगीत कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया था.
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने संवाददाताओं से कहा कि अरिजीत सिंह को केआईएफएफ में ममता बनर्जी के सामने गाना गाने के लिए न्यू टाउन में निर्धारित स्थल इको पार्क के संरक्षक राज्य एजेंसी हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (हिडको) द्वारा प्रताड़ित किया गया.

हिडको के अध्यक्ष और राज्य सरकार के मंत्री फिरहाद हकीम ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि पार्टी ‘‘भगवा रंग की संरक्षक नहीं है’’. फिरहाद हकीम ने कहा, ‘‘अरिजीत सिंह के संगीत कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा क्योंकि उसी समय इको पार्क के पास विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में जी-20 की एक बैठक में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अतिथि शामिल होंगे. पुलिस ने सुरक्षा मुद्दों का हवाला दिया और हमने उनकी सिफारिशों का पालन किया. ’’ उन्होंने कहा कि जनवरी के अंत में इको पार्क में होने वाला सलमान खान का एक कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है, लेकिन इसे लेकर कोई हो-हल्ला नहीं हुआ.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu