अमरनाथ यात्रा: जम्मू में पंजीकरण के लिए टोकन वितरण शुरू

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 30 Jun 2025 04:01 PM
अमरनाथ यात्रा: जम्मू में पंजीकरण के लिए टोकन वितरण शुरू
ऑडियो सुनें

जम्मू: अमरनाथ यात्रा से पहले तीर्थयात्रियों के आॅफलाइन पंजीकरण के लिए टोकन वितरण केंद्र को सोमवार को यहां चालू कर दिया गया। वहीं, अधिकारियों ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अड़तीस दिवसीय वार्षिक अमरनाथ तीर्थयात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी। यह यात्रा दो मार्गों से संपन्न होगी। तीर्थयात्री अनंतनाग जिले में 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक नुनवान-पहलगाम मार्ग तथा गांदरबल जिले में छोटे, लेकिन अधिक खड़े ढलान वाले 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर तक जा सकते हैं।

श्रद्धालुओं का पहला जत्था दो जुलाई को जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से कश्मीर के लिए रवाना होगा।
अधिकारियों ने सोमवार को जम्मू के सरस्वती धाम में टोकन वितरण केंद्र खोला, जिसे लेकर देश-विदेश के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। बारिश के बावजूद यात्रा पर जाने के इच्छुक तीर्थयात्री मौके पर ही पंजीकरण के वास्ते टोकन लेने के लिए केंद्र पर उमड़ पड़े।

जम्मू (दक्षिण) के उपसंभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) मनु हंसा ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘‘आज से टोकन वितरण शुरू हो गया है। इस उद्देश्य के लिए सरस्वती धाम में एक टोकन केंद्र स्थापित किया गया है, जहां से पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों को टोकन वितरित किए जा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि टोकन प्राप्त करने के बाद तीर्थयात्री मंगलवार को यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं और दो जुलाई को जम्मू में भगवती नगर आधार शिविर से शुरू होने वाली तीर्थयात्रा पर जा सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पंजीकरण कल तीन केंद्रों – वैष्णवी धाम, पंचायत भवन और महाजन सभा में शुरू होगा। यह एकमात्र केंद्र है, जहां से श्रद्धालु टोकन प्राप्त कर सकते हैं। केंद्र सुबह सात बजे खुलता है।’’ एसडीएम ने कहा कि टोकन और पंजीकरण का प्रतिदिन का कोटा दो-दो हजार है और काउंटर तब तक खुले रहेंगे, जब तक कि दैनिक कोटा समाप्त नहीं हो जाता।

अधिकारियों ने बताया कि यात्रा से पहले प्रशासन ने सुरक्षित और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफिले को भेजने का सफल पूर्वाभ्यास किया। संभागीय आयुक्त रमेश कुमार और पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टुटी काफिले के साथ थे, जो सुबह करीब 4.30 बजे जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ।

कुमार ने कहा कि उधमपुर और रामबन जिलों में राजमार्ग पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। राजमार्ग पर भोजन, आश्रय, स्वच्छता और अन्य आवश्यक चीजों की व्यवस्था की गई है। जम्मू के उपायुक्त सचिन कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि लोगों को बड़ी संख्या में आना चाहिए, क्योंकि प्रशासन ने आरामदायक और सुरक्षित तीर्थयात्रा के लिए व्यापक व्यवस्था की है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राजमार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, एक संयुक्त नियंत्रण कक्ष सीसीटीवी कैमरों के जरिए तीर्थयात्रियों के वाहनों की आवाजाही पर नजर रख रहा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital