आंध्र प्रदेश : नाबालिग छात्रा से ‘शादी’ करने के आरोप में स्कूल शिक्षक गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 24 Nov 2023 09:08 PM
ऑडियो सुनें

तदेरु. आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को 46 वर्षीय एक स्कूल शिक्षक को अपनी 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा से कथित तौर पर “शादी” करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि आरोपी शिक्षक पहले से ही दो लड़कियों का पिता है.

पुलिस ने बृहस्पतिवार को गोदावरी जिले के भीमावरम के पास यंदागानी जिला परिषद हाई-स्कूल के हिंदी शिक्षक के. सोमराजू को लड़की को प्यार का झांसा देकर फंसाने तथा उसके गले में मंगलसूत्र बांधकर उससे ‘शादी’ करने के आरोप में गिरफ्तार किया.
पश्चिम गोदावरी जिला दिशा (महिला सुरक्षा विंग) के पुलिस उपाधीक्षक एन. मुरली कृष्णा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “आरोपी सोमराजू ने नाबालिग लड़की से चार महीने तक प्रेमालाप किया और उसे अपना स्मार्टफोन भी दिया. कुछ दिनों पहले वह उसे उसके घर से अपने घर ले आया और उससे शादी कर ली.”

अधिकारी ने बताया कि कथित तौर पर धोखे से 19 नवंबर को लड़की के साथ शादी करने के बाद सोमराजू ने उसे जबरन कुछ दिनों तक अपने साथ रखा और उसके साथ पति पत्नी की तरह संबंध भी बनाए. कृष्णा ने कहा कि लड़की आरोपी शिक्षक के चंगुल से भागने में कामयाब रही और यंदागंडी गांव में अपने घर लौट आई और अपने परिवार को घटना के बारे में बताया. उन्होंने बताया कि बाद में दसवीं कक्षा की छात्रा अपने पिता के साथ पुलिस के पास पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई.

अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376, 342 और 506, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) अधिनियम की धारा पांच और छह तथा बाल विवाह अधिनियम की धारा नौ के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया . उन्होंने बताया कि सात साल पहले सोमराजू की पत्नी उसे छोड़कर चली गयी थी. पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि सोमराजू को शुक्रवार को न्यायाधीश के सामने पेश किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu