दोहरे हत्याकांड के कारणों का खुलासा न होने से नाराज पीड़ित पिता ने की आत्मदाह की कोशिश, मोटरसाइकिल को लगाई आग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Mar 2024 07:31 PM
दोहरे हत्याकांड के कारणों का खुलासा न होने से नाराज पीड़ित पिता ने की आत्मदाह की कोशिश, मोटरसाइकिल को लगाई आग
ऑडियो सुनें

बदायूं. बदायूं जिले के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित बाबा कॉलोनी में गत 19 मार्च को हुए दोहरे हत्याकांड में मारे गए बच्चों के पिता ने कथित रूप से वारदात के कारणों का अब तक पता नहीं लग पाने से क्षुब्ध होकर रविवार को अपनी मोटरसाइकिल में आग लगा दी और आत्मदाह की कोशिश की. वारदात के छह दिन बाद भी हत्या की वजह का ख.ुलासा न होने से पीड़ित परिवार पुलिस प्रशासन से नाराज है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक पिछले मंगलवार को मारे गए बच्चों के पिता विनोद ने अपनी मोटरसाइकिल को आग लगा दी और खुद को भी आग लगाने की कोशिश की लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसर्किमयों ने उसे ऐसा करने से रोक लिया. विनोद की मां मुन्नी देवी ने बताया है कि घटना को छह दिन हो चुके हैं . उन्होंने कहा कि पुलिस ने दूसरे आरोपी जावेद को भी गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ भी की है मगर अभी तक हत्या की वजह नहीं बता सकी है.

उन्होंने कहा कि इससे यह आशंका होती है कि पुलिस प्रशासन कुछ छुपा रहा है जिसे लेकर विनोद बहुत परेशान है. मुन्नी देवी ने बताया कि लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं जिससे तंग आकर विनोद ने अपनी मोटरसाइकिल में आग लगा दी और खुद भी जान देने की कोशिश की है. पुलिस उपाधीक्षक (नगर) आलोक मिश्रा ने कहा कि होली का त्योहार है और विनोद अपने बच्चों को बहुत याद कर रहा है.

उन्होंने कहा कि उनके कपड़े, जूते और त्यौहार का अन्य सामान देखकर वह खुद को रोक नहीं पाया और क्षुब्ध होकर उसने अपनी मोटरसाइकिल में आग लगा दी. उन्होंने बताया कि विनोद से पूछताछ की जा रही है.घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है. गौरतलब है कि साजिद नामक व्यक्ति ने अपने भाई जावेद के साथ पिछले मंगलवार की शाम बाबा कॉलोनी स्थित एक घर में घुसकर तीन नाबालिग भाइयों- आयुष (12), अहान उर्फ हनी (आठ) और युवराज (10) पर चाकू से हमला किया था. इस वारदात में आयुष और अहान की मौत हो गई थी जबकि युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया था. इस हत्याकांड के कुछ घंटे बाद ही आरोपी साजिद (22) पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया था. वारदात के दो दिन बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी जावेद को गिरफ्तार कर लिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu