बाबर ने पाकिस्तान की कप्तानी छोड़ी, मसूद टेस्ट और अफरीदी टी20 टीम के कप्तान बने

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 15 Nov 2023 10:36 PM
बाबर ने पाकिस्तान की कप्तानी छोड़ी, मसूद टेस्ट और अफरीदी टी20 टीम के कप्तान बने
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तान के विश्व कप से बाहर होने के चार दिन बाद बाबर आजम ने बुधवार को सभी प्रारूपों के कप्तान पद से त्यागपत्र दे दिया. पाकिस्तान ने मौजूदा विश्व कप के नौ मैच में से पांच मैच गंवाए थे और आखिर में वह पांचवें स्थान पर रहा था. उसे अफगानिस्तान से भी हार का सामना करना पड़ा था जिसके बाद बाबर को कप्तान पद से हटाने की मांग की जा रही थी. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की प्रबंध समिति के प्रमुख जका अशरफ ने उन्हें टीम के प्रदर्शन पर चर्चा करने के लिए बुलाया था.

बाबर के इस्तीफे के तुरंत बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शाहीन शाह अफरीदी को टी20 अंतरराष्ट्रीय और शान मसूद को टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया. पाकिस्तान को निकट भविष्य में एकदिवसीय मैच नहीं खेलने है इसलिए इस प्रारूप के कप्तान की घोषणा अभी नहीं की गयी है. बाबर ने सोशल मीडिया पर अपने फैसले की घोषणा की.

उन्होंने एक्स पर लिखा,”आज मैं सभी प्रारूपों से पाकिस्तान के कप्तान का पद छोड़ रहा हूं. यह मुश्किल फैसला है लेकिन मुझे लगता है कि ऐसा करने का यह सही समय है.” बाबर की टीम चयन को लेकर कड़ी आलोचना होती रही. उन पर अपने पसंदीदा क्रिकेटरों का गुट बनाने का आरोप भी लगा. बाबर ने स्पष्ट किया कि वह नए कप्तान का हर तरह से समर्थन करेंगे.

उन्होंने कहा,”मैं तीनों प्रारूप में एक खिलाड़ी के रूप में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना जारी रखूंगा. मैं अपने अनुभव और समर्पण से नए कप्तान और टीम का समर्थन करता रहूंगा. मुझे यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने और मुझ पर भरोसा दिखाने के लिए मैं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का आभार व्यक्त करता हूं.” बाबर को 2019 में पाकिस्तान का कप्तान नियुक्त किया गया था.

टेस्ट टीम की जिम्मेदारी मिलने के बाद मसूद ने कहा, ” मैं क्रिकेट बोर्ड, हितधारकों का बेहद आभारी हूं जिन्होंने मुझमें इस जिम्मेदारी को निभाने की काबिलियत देखी.” उन्होंने कहा, ”चुनौतियां हैं, और लाल गेंद क्रिकेट सबसे कठिन प्रारूप है. अब पाकिस्तान की लाल गेंद टीम को आगे ले जाने, एक पहचान बनाने, एक ऐसा खाका तैयार करने की ज.म्मिेदारी सिर्फ कप्तान पर नहीं है, बल्कि हर किसी पर है जो हमारे प्रशंसकों को उत्साहित करेगी.” चौतीस साल के मसूद ने 30 टेस्ट मैचों में चार शतक और नौ अर्धशतक की मदद से 1597 रन बनाये है.

पीसीबी ने कहा कि मसूद को आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 चक्र के आखिर तक कप्तान नियुक्त किया गया है.
उनकी पहली चुनौती 14 दिसंबर से ऑस्ट्रेलिया में शुरू होने वाली तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला होगी. कप्तान के रूप में अफरीदी अपनी जिम्मेदारी का आगाज 12 से 21 जनवरी तक न्यूजीलैंड में पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में करेंगे. अफरीदी की कप्तानी में लाहौर कलंदर्स पाकिस्तान सुपर लीग का पिछले दो बार का चैम्पियन रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu