बीसीसीआई ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट धर्मशाला से इंदौर स्थानांतरित किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 13 Feb 2023 02:44 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारत और आॅस्ट्रेलिया के बीच एक से पांच मार्च तक होने वाला तीसरा टेस्ट खराब आउटफील्ड के कारण धर्मशाला से इंदौर स्थानांतरित कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को यह जानकारी दी। मैच को स्थानांतरित किया जाएगा इसकी पुष्टि रविवार को ही हो गई थी जब बीसीसीआई के क्यूरेटर तापस चटर्जी की रिपोर्ट में नई आउटफील्ड को अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए अनफिट बताया गया था।

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बयान में कहा, ‘‘बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए आॅस्ट्रेलिया के भारत दौरे का तीसरा टेस्ट जो एक से पांच मार्च तक धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में होना था, वह अब इंदौर के होल्कर स्टेडियम में होगा। ’’ शाह ने कहा, ‘‘क्षेत्र में कड़ी शीतकालीन परिस्थितियों के कारण आउटफील्ड में पर्याप्त घास नहीं है और इसके पूरी तरह तैयार होने में समय लगेगा।’’

खराब मौसम ने भी हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) की मुसीबत बढ़ाई क्योंकि स्थानीय मैदान र्किमयों को घास उगाने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला। नवीनतम निरीक्षण से पहले भी बीसीसीआई की पिच एवं मैदान समिति ने एक बार मैदान का दौरा किया था और उस समय भी यह तैयार होने के करीब भी नहीं था।

इसके बाद कार्यक्रम तय करने वाली बीसीसीआई की टीम पर सवाल उठ रहे हैं कि मैच को आवंटित करते हुए मौसम सहित सभी पहलुओं पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया। धर्मशाला स्टेडियम में पिछले एक सत्र में कोई क्रिकेट नहीं हुआ है। इस मैदान पर पिछले दो अंतरराष्ट्रीय मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ गए थे जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले थे। बारिश होने के बाद मैदान को कम ओवरों के मुकाबले के लिए भी तैयार नहीं किया जा सका था।

पिच और आउटफील्ड को नए सिरे से तैयार किए जाने के कारण हिमाचल प्रदेश की रणजी टीम अपने घरेलू मुकाबले नादौन में खेल रही है। किसी मैदान पर अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी करने के लिए कुछ मानकों को पूरा करना होता है और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय, टी20 अंतरराष्ट्रीय या टेस्ट की मेजबानी से कुछ हफ्तों पहले मैदान पर कम से कम एक प्रतिस्पर्धी मैच आयोजित होना चाहिए।

इंदौर का होल्कर स्टेडियम मौजूदा सत्र में कई प्रथम श्रेणी मुकाबलों और आयु ग्रुप मुकाबलों की मेजबानी कर चुका है। यहां पिछला मुकाबला 12 फरवरी से मध्य प्रदेश और बंगाल के बीच रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल खेला गया था। मैच स्थानांतरित करने से दर्शकों को काफी परेशानी होगी। बाहर से आने वाले दर्शक टेस्ट मैच का आनंद लेने के साथ धर्मशाला की खूबसूरती का भी लुत्फ उठाने की उम्मीद कर रहे थे।

धर्मशाला भारत का सबसे खूबसूरत क्रिकेट स्थल है क्योंकि यह स्टेडियम धौलाधार पर्वतमाला के करीब बना है। जब भी भारत धर्मशाला में खेलता है तो काफी लोग मैच देखने के लिए दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला से आते हैं। आॅस्ट्रेलियाई प्रशंसकों ने भी टेस्ट मैच के साथ मैकलियोगंज का दौरा करने की भी योजना बनाई थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav