जेल में अरविंद केजरीवाल से मिले भगवंत मान, कहा- उनके साथ आतंकियों जैसा व्यवहार किया जा रहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Apr 2024 08:49 PM
जेल में अरविंद केजरीवाल से मिले भगवंत मान, कहा- उनके साथ आतंकियों जैसा व्यवहार किया जा रहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को तिहाड़ जेल में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की और आरोप लगाया कि उनके साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है. वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि दिल्ली में उसकी सरकार ”उचित प्रारूप” के तहत जेल से काम करना शुरू करेगी और मुख्यमंत्री केजरीवाल अगले सप्ताह से दो मंत्रियों से मिलने की योजना बना रहे हैं.

मान ने कहा कि वह केजरीवाल से आधे घंटे के लिए मिले, लेकिन उनके बीच एक कांच की दीवार थी, और दोनों नेताओं के बीच फोन कॉल के जरिये बातचीत हुई. पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि केजरीवाल ने उन्हें विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार के वास्ते विभिन्न स्थानों पर जाने के लिए कहा है. मान के साथ मुलाकात के दौरान मौजूद आप सांसद संदीप पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल अगले सप्ताह से जेल में दो मंत्रियों से मुलाकात करेंगे और उनके कार्यों की समीक्षा करेंगे.

उन्होंने कहा, ”जो भी कानूनी प्रक्रिया (ऐसा करने के लिए) आवश्यक होगी, हम उसे पूरा करेंगे. अगले हफ्ते से जब मंत्री केजरीवाल से मिलेंगे, तो सरकार उचित प्रारूप में जेल से काम करना शुरू कर देगी.” आबकारी नीति से संबंधित धन शोधन मामले में 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से भाजपा उनके इस्तीफे की मांग कर रही है. हालांकि, आम आदमी पार्टी और उसके मंत्रियों ने कहा है कि केजरीवाल जेल से सरकार चलाते रहेंगे.

मान ने संवाददाताओं से कहा, ”मैं उन्हें देखकर भावुक हो गया. उनके साथ एक खूंखार अपराधी की तरह व्यवहार किया जा रहा है. उनकी गलती क्या है? क्या यह उनकी गलती है कि उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक, स्कूल, अस्पताल बनाए? आप उनके साथ ऐसे व्यवहार कर रहे हैं, जैसे आपने किसी बड़े आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया हो.”

उन्होंने कहा, ”जब (कांग्रेस नेता) पी. चिदंबरम जेल में थे, तो सोनिया गांधी उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करती थीं, लेकिन आज हमारे बीच एक कांच की दीवार थी. मोदीजी क्या चाहते हैं? यह उन्हें महंगा पड़ेगा. केजरीवाल के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, जो कट्टर ईमानदार हैं.” मान ने दावा किया कि चार जून को लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित होने पर आम आदमी पार्टी एक मजबूत राजनीतिक ताकत बनकर उभरेगी.

उन्होंने कहा, ”केजरीवाल को देश की चिंता है क्योंकि संविधान बचेगा, तभी पार्टी बचेगी.” मान ने उन दावों को भी खारिज कर दिया कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से आप में दलबदल देखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि यह एक अनुशासित पार्टी है और पूरी तरह से एकजुट है.

मान ने कहा, ”हम सभी चट्टान की तरह अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े हैं. अरविंद केजरीवाल जल्द ही जेल से बाहर आएंगे.” पाठक ने कहा, ”जेल के अंदर रहते हुए भी उन्हें दिल्ली के लोगों की चिंता है. उन्होंने कहा कि अगले हफ्ते से वह मुद्दों पर चर्चा के लिए दो मंत्रियों को बुलाएंगे. उन्होंने पार्टी विधायकों से भी लोगों के बीच जाने को कहा है.” बाद में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पाठक ने कहा कि केजरीवाल को देखकर मान काफी भावुक हो गए.

उन्होंने कहा, ”जब हमने केजरीवाल से उनकी सेहत के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ‘मैं संघर्ष के लिए तैयार हूं. मेरे बारे में चिंता मत करो. पहले ये बताओ कि जनता क्या कह रही है? क्या बिजली सब्सिडी जारी है? क्या सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवाएं उपलब्ध हैं?’ केजरीवाल ने हमसे सब कुछ पूछा और जब हमने उन्हें दिल्ली के लोगों के बारे में पूरी जानकारी दी, तब ही वे संतुष्ट हुए.” आप सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 2024-25 के लिए दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के बारे में भी जानकारी ली, जिसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये मिलेंगे.

उन्होंने कहा, ”केजरीवाल ने कहा है कि किसी को चिंतित नहीं होना चाहिए और आश्वासन दिया कि जेल से बाहर आते ही योजना लागू की जाएगी. उनके चेहरे पर चिंता का कोई संकेत नहीं था. उन्होंने आश्वासन दिया कि वह जहां भी रहेंगे, संघर्ष करते रहेंगे.” तिहाड़ जेल के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच मुलाकात ‘मुलाकात जंगले’ के माध्यम से हुयी और उनके बीच कांच की एक दीवार लगी थी.

यह देखते हुए कि मान को जेड प्लस सुरक्षा मिली है, तिहाड़ जेल के बाहर स्थानीय पुलिस तैनात करके सुरक्षा पहले से ही बढ़ा दी गई थी. दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक को 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था. उनकी वर्तमान न्यायिक हिरासत सोमवार को समाप्त हो रही है. ईडी ने केजरीवाल पर दिल्ली आबकारी नीति घोटाले की पूरी साजिश में शामिल होने, नीति का मसौदा तैयार करने और लागू करने, बिचौलियों को लाभ पहुंचाने और अंतत: अपराध से अर्जित आय के कुछ हिस्से का उपयोग करने का आरोप लगाया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu