बिहार: स्वामी विवेकानंद की जयंती को ‘आध्यात्मिकता दिवस’ के रूप में मनाएगी सरकार

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 03 Jan 2026 03:10 PM
बिहार: स्वामी विवेकानंद की जयंती को ‘आध्यात्मिकता दिवस’ के रूप में मनाएगी सरकार
ऑडियो सुनें

पटना: बिहार सरकार स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी को ‘आध्यात्मिकता दिवस’ के रूप में मनाएगी। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद (बीएसआरटीसी) के अध्यक्ष रणबीर नंदन ने शुक्रवार को जारी एक बयान में बताया कि पटना के रवींद्र भवन में एक कार्यक्रम किया जाएगा।

स्वामी विवेकानंद के शिकागो में दिये भाषण पर आधारित एक निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। बयान में बताया गया कि प्रथम पुरस्कार 25,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 15,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 11,000 रुपये होगा, साथ ही दस सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
नंदन ने बताया कि बिहार के लोगों में धार्मिक चेतना और सनातन धर्म में आस्था लगातार मजबूत हो रही है।

उन्होंने बताया, ‘‘पहले बड़ी संख्या में लोग नव वर्ष के दिन पिकनिक और पर्यटन स्थलों पर जाते थे लेकिन इस साल बिहार के लगभग हर छोटे-बड़े मंदिर और तीर्थस्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई।’’ अधिकारी ने बताया, ‘‘इस भारी भीड़ का एक उल्लेखनीय पहलू युवाओं की महत्वपूर्ण उपस्थिति थी।’’

उन्होंने जोर देकर कहा कि भले ही इसे ‘अंग्रेजी नव वर्ष’ कहा जा रहा है लेकिन पूजा-अर्चना और दर्शन के प्रति लोगों का यह प्रबल रुझान दर्शाता है कि बिहार में धार्मिक जागरूकता पहले से कहीं अधिक बढ़ी है और लोग अब इसे आध्यात्मिक शुद्धि व एक पवित्र शुरूआत के रूप में स्वीकार कर रहे हैं।
नंदन ने प्रमुख धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया, ‘‘अयोध्या के राम मंदिर, सीतामढ़ी के पुनौरा धाम, काशी विश्वनाथ, उज्जैन महाकाल और देश भर के कई अन्य मंदिरों सहित स्थलों के निर्माण, जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण ने जनता के समक्ष सनातन धर्म के वैज्ञानिक और सामाजिक पहलुओं को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital