सलमान खान की हत्या की साजिश मामले में हरियाणा से बिश्नोई गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Oct 2024 09:22 PM
सलमान खान की हत्या की साजिश मामले में हरियाणा से बिश्नोई गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की हत्या की कथित साजिश के सिलसिले में नवी मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि आरोपी सुक्खा उर्फ सुखबीर बलबीर सिंह को पनवेल टाउन पुलिस (नवी मुंबई) की एक टीम ने बुधवार को हरियाणा के पानीपत से पकड़ा. अधिकारी ने कहा कि सुखबीर ने बिश्नोई गिरोह के सदस्यों को खान को कथित तौर पर मारने की सुपारी दी थी. उन्होंने कहा कि सुखबीर पाकिस्तान में बैठे अपने कथित आका डोगर के संपर्क में था.

अधिकारी ने कहा कि सिंह ने बिश्नोई गिरोह के सदस्यों के साथ सलमान खान को मारने की कथित साजिश को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान से एके-47, एम16 और एके92 जैसे हथियारों का इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी. पुलिस ने कहा कि उसे नवी मुंबई लाने के बाद अदालत में पेश किया जाएगा. अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई पुलिस राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में भी सुखबीर सिंह से पूछताछ करेगी.

उन्होंने बताया कि इस साल 24 अप्रैल को नवी मुंबई पुलिस ने सलमान खान की हत्या की साजिश रचने के आरोप में बिश्नोई गिरोह के 18 सदस्यों और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. बिश्नोई गिरोह के सदस्यों द्वारा मुंबई के बांद्रा में स्थित खान आवास के बाहर गोलीबारी करने के बाद ये गिरफ्तारियां हुई थीं. अधिकारी ने कहा कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, उसका भाई अनमोल, संपत नेहरा, गोल्डी बराड़ और रोहित गोधारा उन लोगों में शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिकी में आरोपी बनाया गया है.

उन्होंने बताया कि इस मामले में नवी मुंबई पुलिस ने बिश्नोई गिरोह के पांच सदस्यों – धनंजय उर्फ अजय कश्यप उर्फ नहवी, गौरव भाटिया, वासपी खान उर्फ वसीम चिकना, रिजवान खान उर्फ जावेद और दीपक हवा सिंह उर्फ जॉन को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद, जून में पुलिस ने नवी मुंबई में पनवेल के पास फार्महाउस जाते समय अभिनेता को निशाना बनाने की साजिश का खुलासा करने का दावा किया था.

जांच के दौरान, यह भी पता चला कि लॉरेंस बिश्नोई और संपत नेहरा गिरोह ने खान के बांद्रा स्थित आवास, पनवेल में स्थित फार्महाउस और फिल्म शूटिंग स्थानों पर रेकी करने तथा खान की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगभग 60 से 70 सदस्यों को तैनात किया था.

अधिकारी ने कहा, आरोपी व्यक्ति पाकिस्तान से आए हथियारों का इस्तेमाल करके नाबालिगों को शार्प शूटर के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे थे. खान ने पुलिस से कहा था कि उनका मानना है कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को मारने के इरादे से उनके आवास पर गोलीबारी की थी.

अभिनेता का बयान घटना के संबंध में मुंबई पुलिस द्वारा यहां एक अदालत में दायर आरोप पत्र का हिस्सा है. खान ने कहा था कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने जनवरी 2024 में नकली पहचान का उपयोग करके पनवेल के पास उनके फार्महाउस में घुसने की कोशिश की थी. खान ने पुलिस को बताया था कि 2022 में उनकी इमारत के सामने एक बेंच पर धमकी भरा एक पत्र मिला था, जबकि मार्च 2023 में उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की तरफ से ईमेल के जरिए धमकी मिली थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu