भाजपा ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर लगाया ”राजनीतिक जबरन वसूली” का आरोप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 May 2024 09:37 PM
भाजपा ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर लगाया ”राजनीतिक जबरन वसूली” का आरोप
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक वीडियो का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर ”राजनीतिक जबरन वसूली करने” का रविवार को आरोप लगाया जिसमें वह कथित तौर पर यह कहते नजर आ रहे हैं कि अगर अडाणी और अंबानी उन्हें पैसे भेजते हैं तो वह उन पर हमला बंद करने पर विचार कर सकते हैं.

पश्चिम बंगाल के लिए भाजपा के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने एक यूट्यूब चैनल से चौधरी के हालिया साक्षात्कार का वीडियो सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किया और लिखा, ”उन्होंने कांग्रेस की पोल खोलते हुए कहा कि जैसे ही अडाणी-अंबानी कांग्रेस को पैसा देंगे, वे उन पर हमला करना बंद कर देंगे.” उन्होंने कहा, ”इनमें से एक पर राहुल गांधी ने हमला करना पहले ही बंद कर दिया है.” मालवीय ने कहा, ”कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी का यह कृत्य राजनीतिक वसूली से कम नहीं है.”

उन्होंने कहा, ”यह तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा के कृत्य के बराबर है, जिन्होंने भारतीय कारोबारियों पर संसद में हमला बोलने के लिए दुबई स्थित एक व्यवसायी से कथित तौर पर पैसे और महंगे उपहार लिए थे.” भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने चौधरी की कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ”आईएनसी (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस) का मतलब है ‘आई नीड करप्शन’ (मुझे भ्रष्टाचार चाहिए).” उन्होंने चौधरी की टिप्पणियों को कांग्रेस का ”असली हफ्ता वसूली” मॉडल बताया और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस) के अन्य घटकों पर निशाना साधा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu