
नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग मिलकर वोट चोरी कर रहे हैं तथा “लोकतंत्र की हत्या” खुलेआम चल रही है. उन्होंने कांग्रेस के ‘एक्स’ हैंडल पर किए गए एक पोस्ट का हवाला देते हुए यह आरोप लगाया. कांग्रेस ने बिहार में मतदान करने वाले एक व्यक्ति के बारे में दावा किया कि वह हरियाणा और दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भी मतदान कर चुका है.
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, “भाजपा के लाखों लोग खुलेआम अलग-अलग राज्यों में घूम-घूमकर वोट डालते हैं. और इस चोरी को छुपाने के लिए सारे सबूत मिटा दिये जाते हैं.” उन्होंने आरोप लगाया, “भाजपा और निर्वाचन आयोग मिलकर खुलेआम वोट चोरी कर रहे हैं – लोकतंत्र की हत्या लाइव चल रही है.”



