भाजपा ने जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद के चंगुल से मुक्त कराया: अनुराग ठाकुर

जम्मू. पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी ने जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद के चंगुल से मुक्त कराया और क्षेत्र में शांति, समृद्धि और विकास की गारंटी दी. ठाकुर ने यहां संवाददाताओं से कहा, “जम्मू-कश्मीर में भाजपा का मतलब ‘राहत’ और एनसी-कांग्रेस का मतलब ‘आफत’ है. एनसी-कांग्रेस गठबंधन केंद्र शासित प्रदेश के लोगों के लिए केवल विनाश और दुख ला सकता है.” इससे पहले ठाकुर जम्मू उत्तर से भाजपा उम्मीदवार शाम लाल शर्मा और जम्मू पश्चिम से पार्टी उम्मीदवार अरविंद गुप्ता के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान उनके साथ गए गए.

बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के साथ थे और पार्टी के समर्थन में नारे लगा रहे थे. ठाकुर ने कहा, “केवल भाजपा ही शांति स्थापित कर सकती है और विकास सुनिश्चित कर सकती है.” उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और कांग्रेस जब भी एक साथ आए लोगों के लिए विनाश और दुख लाए.

उन्होंने कहा, “एनसी और कांग्रेस के कारण जम्मू-कश्मीर में 45,000 से अधिक लोगों की जान चली गई. (पंडित जवाहर लाल) नेहरू की गलतियों के कारण देश को 70 वर्षों तक बहुत कुछ सहना पड़ा.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त करने के लिए अनुच्छेद 370 को हटा दिया.

भाजपा नेता ने कहा, “एनसी-कांग्रेस अनुच्छेद 370 को वापस लाने की बात कर रहे हैं, लेकिन मैं उन्हें बता दूं कि अनुच्छेद 370 इतिहास बन चुका है और यह कभी वापस नहीं आएगा.” उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन (एनसी-कांग्रेस) जम्मू-कश्मीर को फिर से आतंकवाद की ओर धकेलना चाहता है लेकिन “लोग इन चुनावों में उन्हें सबक सिखाएंगे”.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button