भाजपा विधायक ने जम्मू कश्मीर विधानसभा से किया बहिर्गमन

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 22 Mar 2025 02:58 PM
भाजपा विधायक ने जम्मू कश्मीर विधानसभा से किया बहिर्गमन
ऑडियो सुनें

जम्मू: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक शाम लाल शर्मा ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में ठोस कचरे के वैज्ञानिक निपटान से संबंधित प्रश्न का ‘‘संतोषजनक उत्तर’’ नहीं मिलने पर शनिवार को जम्मू कश्मीर विधानसभा से बहिर्गमन किया और सरकार पर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया।

शर्मा ने अपने निर्वाचन क्षेत्र जम्मू उत्तर के कोट भलवाल गांव में ठोस कचरा डाले जाने के बारे में सवाल उठाया था और इसे किसी वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए कदम उठाने को कहा था।
स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू ने सदन को बताया, ‘‘कोट भलवाल हमारा वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन स्थल है। इस स्थल को नाफेड (भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ) के माध्यम से अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रसंस्करण के लिए विकसित किया जा रहा है।’’ शर्मा ने कहा कि वह अपने प्रश्न पर सरकार के जवाब से संतुष्ट नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने क्या पूछा था और उन्होंने क्या उत्तर दिया … स्मार्ट सिटी परियोजना के नियमों में वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जोर दिया गया है, लेकिन यह ‘डंंिपग साइट’ स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर रही है और सरकार कह रही है कि ऐसी कोई समस्या नहीं है।’’ उन्होंने सदन से बहिर्गमन किया। जम्मू कश्मीर विधानसभा से बाहर निकलते समय भाजपा विधायक ने कहा कि सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है और ‘‘यह इस सदन के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital