गोगोई के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चला रहे हैं भाजपा, हिमंत विश्व शर्मा: जयराम रमेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Feb 2025 07:47 PM
गोगोई के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चला रहे हैं भाजपा, हिमंत विश्व शर्मा: जयराम रमेश
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई के खिलाफ ‘दुष्प्रचार अभियान” चलाने और ”चरित्र हनन” में संलिप्त होने का आरोप लगाया. कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि गोगोई ने जोरहाट लोकसभा सीट जीत ली और असम के मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार को उजागर कर रहे हैं.

रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”असम के मुख्यमंत्री और भाजपा ने मेरे सहयोगी गौरव गोगोई को निशाना बनाकर दुष्प्रचार अभियान शुरू किया है. यह सरासर चरित्र हनन का प्रयास है. तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है.” उन्होंने कहा, ”बदनाम करने वाला यह अभियान इसलिए चलाया जा रहा है क्योंकि गौरव गोगोई ने जून 2024 में जोरहाट लोकसभा सीट जीती थी, जबकि असम के मुख्यमंत्री और अन्य मंत्री जोरहाट में डेरा डाले हुए थे और उनके खिलाफ प्रचार कर रहे थे. ऐसा इसलिए भी किया जा रहा है क्योंकि जोरहाट के सांसद असम के मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार और काले कारनामों को उजागर करने में सबसे आगे रहे हैं.”

रमेश ने कहा, ”असम के मुख्यमंत्री-नयी दिल्ली में अपने शीर्ष नेता की तरह बदनाम करने, तथ्यों को तोड़ मरोड़कर पेश करने और ध्यान भटकाने में माहिर हैं.” कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि शर्मा असम के लोगों का ध्यान अपनी विफलताओं और झूठे दावों से हटाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं.

रमेश ने दावा किया, ”लेकिन लगभग 12 महीने में असम के लोग उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री बना देंगे और उनकी पार्टी को विपक्ष में बैठा देंगे.” शर्मा ने गोगोई पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि कांग्रेस सांसद की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के पाकिस्तान के साथ संबंधों के सिलसिले में मामला दर्ज किया जा सकता है और उसकी जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाएगा.

शर्मा ने कहा कि ”समूचे समर्थन तंत्र (इकोसिस्टम) और सहानुभूति रखने वालों’ समेत पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी क्योंकि इस बात की आशंका जताई जा रही है कि कहीं पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ‘आईएसआई’ ने उस समय मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में घुसपैठ करने का प्रयास तो नहीं किया था, जब गौरव गोगोई के पिता दिवंगत तरुण गोगोई राज्य के मुख्यमंत्री थे.
गौरव गोगोई ने कहा कि भाजपा उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने के लिए हर हथकंडा अपना रही है. कांग्रेस नेता ने उन पर लगाये गये आरोपों को ‘दुर्भावनापूर्ण एवं निराधार’ करार देते हुए कहा कि वह उपयुक्त कानूनी कार्रवाई करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu