भाजपा ने कहा: लोजपा (रामविलास) के साथ सब कुछ सकारात्मक, चिराग ने भी जताई सहमति

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 Oct 2025 09:11 PM
भाजपा ने कहा: लोजपा (रामविलास) के साथ सब कुछ सकारात्मक, चिराग ने भी जताई सहमति
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नित्यानंद राय ने बृहस्पतिवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के साथ “सब कुछ सकारात्मक” है. उन्होंने यह बयान ऐसे समय में दिया है जब चिराग पासवान की पार्टी संकेत दे रही थी कि सीटों के बंटवारे को लेकर वह पूरी तरह संतुष्ट नहीं है.

सीट बंटवारे को लेकर लोजपा (रामविलास) अध्यक्ष चिराग पासवान के साथ बातचीत करने के बाद राय ने कहा, “हमारे चेहरों की मुस्कान ही सब कुछ बता रही है.” उन्होंने चिराग के आवास से बाहर संवाददाताओं से कहा, “सब कुछ सकारात्मक है. पासवान जी समय आने पर विस्तार से बताएंगे.” केंद्रीय मंत्री पासवान ने राय की बात का समर्थन करते हुए कहा कि राय ने जो कहा, वही स्थिति है. उन्होंने कहा कि सभी बातें समय आने पर विस्तार से साझा की जाएंगी.

राय ने बाद में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की, जो बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रभारी हैं. सूत्रों ने बताया कि भाजपा की बिहार इकाई के नेता केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक से पहले पार्टी के उम्मीदवारों के चयन पर फैसला करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंच सकते हैं. एक सूत्र ने बताया कि सीईसी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं, अगले तीन से चार दिनों में बैठक कर सकती है.

बिहार की 243 सीटों वाली विधानसभा के लिए दो चरणों में चुनाव छह और 11 नवंबर को होने है. राय भाजपा के उन वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं जो सहयोगी दलों के साथ बातचीत कर रहे हैं. बताया जाता है कि भाजपा के दोनों दलित सहयोगी चिराग पासवान और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी सीटों की संख्या ही नहीं, बल्कि सीटों के चयन को लेकर भी कड़ा रुख अपनाए हुए हैं. लोजपा (रामविलास) ने विधानसभा चुनावों पर विचार-विमर्श के लिए सांसदों समेत बिहार के अपने वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीत जनता दल (यूनाइटेड) बिहार में भाजपा की सबसे बड़ी सहयोगी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu