सैम पित्रोदा के चीन संबंधी बयान के लिए भाजपा ने साधा कांग्रेस पर निशाना

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के नेता सैम पित्रोदा के एक कथित बयान का हवाला देते हुए सोमवार को प्रमुख विपक्षी दल पर निशाना साधा और दावा किया कि उनकी यह टिप्पणी चीन के समर्थन में दिए गए उनकी पार्टी के शीर्ष नेताओं के बयानों के अनुरूप है.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पित्रोदा की टिप्पणी के अलावा भारत में मतदान भागीदारी बढ़ाने के लिए अमेरिकी एजेंसी के धन का इस्तेमाल और पाकिस्तान से कथित संबंध के लिए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के खिलाफ सत्तारूढ़ पार्टी के आरोपों का मुद्दा भी उठाया.

उन्होंने कहा, ”ये सभी चीजें भारत को नुकसान पहुंचाने का एजेंडा स्पष्ट करती हैं. कांग्रेस की ‘मोहब्बत की दुकान’ राष्ट्र विरोधी ताकतों के लिए है, चाहे वे जॉर्ज सोरोस हों या चीन.” उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र, जाति और भाषा के नाम पर लोगों को एक दूसरे के खिलाफ खड़ा करके भारत के लिए घृणित एजेंडे के अलावा विपक्षी दल के पास कुछ नहीं है.पित्रोदा ने एक साक्षात्कार में कथित तौर पर कहा है कि चीन से खतरे को अक्सर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है और भारत को चीन को दुश्मन मानना बंद करना चाहिए. त्रिवेदी ने दावा किया कि पित्रोदा ने जो कुछ कहा है वह कांग्रेस की मानसिकता का प्रतीक है.

भाजपा नेता ने कहा कि पित्रोदा ने चीन की सत्तारूढ़ पार्टी के साथ कांग्रेस के समझौते को खुले तौर पर स्वीकार किया है. त्रिवेदी ने कहा कि यह भारत की प्रतिष्ठा के लिए झटका है और उनके बयानों से ऐसा लगता है कि भारत हमलावर है. उन्होंने कहा, ”साफ है कि यह कांग्रेस पार्टी द्वारा चीन के साथ किए गए समझौते की अभिव्यक्ति है… गंभीर मुद्दा यह है कि सैम पित्रोदा ने जिस तरह की टिप्पणी की है, वह भारत की पहचान, कूटनीति और संप्रभुता पर गहरा आघात है.”

उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या यह गलवान के शहीदों का अपमान नहीं है? उन्होंने कहा, ”गलवान में हमारे 20 जवान शहीद हो गए और आपके नेता ऐसी भाषा बोल रहे हैं. यह निंदनीय है और भारतीय सेना और हमारे सैनिकों के बलिदान का अपमान है.” हालांकि, कांग्रेस ने पित्रोदा की टिप्पणी से दूरी बनाते हुए कहा कि यह पार्टी का विचार नहीं है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि चीन, भारत की विदेश नीति, बा’ सुरक्षा, और आर्थिक क्षेत्र की सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है.

कांग्रेस नेता रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”सैम पित्रोदा द्वारा चीन पर व्यक्त किए गए कथित विचार निश्चित रूप से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विचार नहीं हैं. चीन हमारी विदेश नीति, बा’ सुरक्षा, और आर्थिक क्षेत्र की सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है.” भाजपा प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य ने विपक्षी दल पर निशाना साधने के लिए भारत में मतदान भागीदारी बढ़ाने के लिए अमेरिकी एजेंसी के धन का इस्तेमाल और पाकिस्तान से कथित संबंध के लिए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के खिलाफ सत्तारूढ़ पार्टी के आरोपों का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस के पास बच निकलने का अब कोई रास्ता नहीं है और विपक्षी पार्टी को स्पष्टीकरण देना चाहिए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button