सत्ता में फिर आने पर भाजपा समान नागरिक संहिता लागू करेगी: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Apr 2024 07:51 PM
सत्ता में फिर आने पर भाजपा समान नागरिक संहिता लागू करेगी: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल
ऑडियो सुनें

मुंबई. केंद्रीय मंत्री एवं मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी तीसरी बार सत्ता में आने के बाद देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करेगी. गोयल ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं के साथ बातचीत में पार्टी के घोषणापत्र की विपक्षी दलों की निंदा को भी खारिज कर दिया और कहा कि इससे उनकी हारने वाली मानसिकता का पता चलता है.

उन्होंने कहा, ”भाजपा देश में यूसीसी लागू करने के लिए संकल्पबद्ध है और हम इसे लागू करेंगे. उत्तराखंड सरकार इस पर पहले ही काम कर चुकी है.” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का लोकसभा चुनाव घोषणापत्र जारी किया. इसमें विकसित भारत के अपने दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए मोदी ने लोगों से अगले एक हजार साल के लिए भारत की ‘नियति’ को आकार देने के वास्ते भाजपा को केंद्र में एक बार फिर मौका देने को कहा.

पार्टी के ‘संकल्प पत्र’ को अपनी गारंटी का दस्तावेज बताते हुए मोदी ने केंद्र में अपनी सरकार की 10 साल की उपलब्धियों का उल्लेख किया और कहा कि भाजपा ने अब तक किए गए अपने हर वादे को पूरा किया है. विपक्षी दलों द्वारा भाजपा के घोषणापत्र की निंदा किए जाने के मुद्दे पर गोयल ने कहा, ”इससे उनकी हारने वाली मानसिकता का पता चलता है. हमारे द्वारा किए जाने वाले हर कार्य की निंदा करना उनकी दिनचर्या है.” राज्यसभा सदस्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ ”असंभव चीजों को संभव” बनाया है.

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने कहा, ”500 वर्षों के इंतजार के बाद, अयोध्या में रामलला का मंदिर बनकर तैयार है. भाजपा के पास संसद में बहुमत है जिसका उपयोग हमने अनुच्छेद 370 (जो जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा प्रदान करता था) को निरस्त करने और तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाने के लिए किया, न कि संविधान बदलने के लिए.” महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल से 20 मई तक पांच चरणों में मतदान होगा. मुंबई की सभी छह संसदीय सीट पर आखिरी चरण में 20 मई को मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu