
तिरुवनंतपुरम/नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने बुधवार को स्पष्ट किया कि पार्टी अपने एक प्रवक्ता द्वारा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को दी गई जान से मारने की धमकी का समर्थन नहीं करती. उन्होंने कहा, ”हमारी राजनीति विकास की है, व्यक्तिगत बैर की नहीं.” राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकारों से बातचीत में चंद्रशेखर ने कहा कि उन्होंने शुरू से ही कहा है कि भाजपा इस तरह की हरकतों को बर्दाश्त नहीं करती.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “हमारे एक प्रवक्ता ने गुस्सा और आवेश में कुछ कहा और उन्हें बताया गया कि यह सही नहीं है. उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है.” चंद्रशेखर ने कहा, “हमारी लड़ाई विचारधारा और विकास की है. हम काम करने की राजनीति करते हैं. हमारा किसी के खिलाफ व्यक्तिगत बैर की राजनीति करने का कोई इरादा नहीं है.” भाजपा नेता प्रिंटू महादेवन ने 26 सितंबर को एक समाचार चैनल पर, बांग्लादेश और नेपाल में प्रदर्शनों पर पैनल चर्चा के दौरान जान से मारने की धमकी दी थी.
महादेवन ने कहा कि भारत में इस तरह के प्रदर्शन संभव नहीं हैं, क्योंकि यहां के लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समर्थन करते हैं. उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी की भी ऐसी ही आकांक्षाएं हैं तो ”उनके सीने में गोली मार दी जाएगी.” महादेवन कुछ भाजपा सदस्यों के साथ 29 सितंबर की रात पुलिस के समक्ष पेश हुए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. उन्हें अदालत में पेश किया गया, जिसने जमानत पर रिहा कर दिया. कांग्रेस ने महादेवन को “तुरंत” गिरफ्तार न करने के लिए राज्य सरकार की आलोचना की और दावा किया कि केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी तथा भारतीय जनता पार्टी के बीच “नापाक गठबंधन” है.



