पहलगाम हमले के लिए भाजपा की ‘नफरत की राजनीति’ जिम्मेदार: संजय राउत

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 23 Apr 2025 01:25 PM
पहलगाम हमले के लिए भाजपा की ‘नफरत की राजनीति’ जिम्मेदार: संजय राउत
ऑडियो सुनें

मुंबई: शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय राउत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर बुधवार को आरोप लगाया कि इसके लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की “नफरत की राजनीति” जिम्मेदार है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान राउत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को “विफल गृह मंत्री” बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में कम से कम 26 लोगों की जान चली गई। मृतकों में दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। कुछ मृतकों के परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि आतंकवादियों ने उन्हें गोली मारने से पहले उनका धर्म पूछा था।

इस विषय पर सवाल पूछे जाने पर राउत ने दावा किया, “अगर आतंकवादी लोगों का धर्म पूछकर उन्हें गोली मारते हैं, तो इसके लिए भाजपा की “नफरत की राजनीति” जिम्मेदार है।” उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इसके लिए कोई और जिम्मेदार नहीं है।

यह पश्चिम बंगाल से जम्मू कश्मीर तक फैलाई जा रही नफरत का नतीजा है।’’ उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल के नेता दिन-रात सरकार बनाने और गिराने तथा विपक्षी नेताओं को जेल भेजने में लगे हैं, ऐसे में वे आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेंगे?

उन्होंने कहा, “अमित शाह देश के इतिहास में विफल गृह मंत्री हैं। पूरा देश उनका इस्तीफा मांग रहा है। उन्हें अब एक और दिन भी गृहमंत्री के पद पर रहने का अधिकार नहीं है।” उन्होंने यह आशंका जताई कि सरकार आगामी बिहार चुनाव को ध्यान में रखते हुए किसी “र्सिजकल स्ट्राइक” का सहारा लेकर इस हमले का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर सकती है।

राउत ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले कहा था कि नोटबंदी से आतंकवाद खत्म होगा, लेकिन इसके बावजूद आतंकवादी हमले बढ़ते जा रहे हैं और संसद में वे ‘‘झूठ बोल रहे’’ हैं। राउत ने दावा किया कि वे ऐसी घटनाओं की जानकारी सार्वजनिक नहीं होने देते हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital