बेंगलुरु के 50 स्कूलों को बम की धमकी, जांच के बाद फर्जी निकली

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 18 Jul 2025 03:05 PM
बेंगलुरु के 50 स्कूलों को बम की धमकी, जांच के बाद फर्जी निकली
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु: बेंगलुरु के करीब 50 स्कूलों को शुक्रवार सुबह बम की धमकी मिली जो जांच के बाद फर्जी पाई गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ‘स्कूल के अंदर बम’ विषय वाले ईमेल विभिन्न स्कूलों की लगभग 50 ईमेल आईडी पर सुबह 7.24 बजे भेजे गए।

पुलिस ने बताया कि मेल भेजने वाले ने दावा किया कि उसने संबंधित स्कूलों के कक्षों में कई विस्फोटक उपकरण रखे हैं। ईमेल में कहा गया, ‘‘ नमस्ते। मैं आपको बताना चाहता हूं कि मैंने स्कूल के कक्षों में कई विस्फोटक उपकरण (ट्राईनाइट्रोटोल्यूइन) रखे हैं।

विस्फोटकों को काले प्लास्टिक बैग में बड़ी कुशलता से छिपाया गया है।’’ पुलिस ने बताया कि स्कूल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को यह जानकारी दी। इसके बाद बम निरोधक दस्तों और तोड़फोड़-रोधी जांच दलों के साथ पुलिस संबंधित स्कूलों में पहुंची।

पुलिस ने बताया कि छात्रों और कर्मचारियों को तुरंत स्कूल परिसर से बाहर निकाला गया, लेकिन जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘सेंट्रल डिवीजन (बेंगलुरु पुलिस) की सीमा में आने वाले कम से कम चार स्कूलों को आज सुबह बम की धमकी वाला ईमेल मिला जिससे अफरा-तफरी मच गई। नियम के अनुसार सभी ज़रूरी कदम उठाए गए।

कोई भी संदिग्ध चीज़ नहीं मिली। यह ईमेल फर्जी पाया गया।’’ सेंट्रल डिवीजन के अलावा, बेंगलुरु सिटी पुलिस के अन्य पुलिस डिवीजनों में स्थित स्कूलों को भी बम की धमकी वाले ईमेल प्राप्त हुए थे, जो जांच में फर्जी पाए गए।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मैसुरु में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘मुझे इसकी (स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी की) जानकारी है। मैंने अधिकारियों से जांच करने को कहा है।’’ इस तरह की बार-बार मिलने वाली धमकियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘हम फर्जी खबरों, गलत जानकारी देने, भड़काने आदि के खिलाफ कानून ला रहे हैं।” वहीं गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि पुलिस ऐसे धमकी भरे संदेशों को हल्के में नहीं लेगी और उनकी जांच कर रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital