
कोलकाता. केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने सोमवार को दावा किया कि नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) एक सप्ताह के भीतर देशभर में लागू कर दिया जाएगा. दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ. तृणमूल कांग्रेस ने इस दावे को ‘चुनावी बयानबाजी’ कहकर खारिज कर दिया और राज्य में सीएए के क्रियान्वयन को रोकने का संकल्प जताया.
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मटुआ समुदाय बहुल बोंगांव से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद ठाकुर ने कहा कि विवादास्पद कानून को सात दिन के भीतर तेजी से कार्यान्वित किया जाएगा. वर्ष 2019 में केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा लाए गए सीएए का उद्देश्य 31 दिसंबर 2014 से पहले बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आकर भारत में बसे हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाइयों सहित प्रताड़ना झेल चुके गैर-मुस्लिम प्रवासियों को भारतीय नागरिकता प्रदान करना है.
दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप में रविवार शाम एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री ठाकुर ने कहा, ”राम मंदिर का उद्घाटन हो गया है. अगले एक सप्ताह में न केवल पश्चिम बंगाल में बल्कि पूरे देश में सीएए को लागू कर दिया जाएगा.” उन्होंने कहा, ”इस राज्य की सरकार दावा करती है कि अगर आपके पास मतदाता पहचान पत्र और आधार कार्ड हैं तो आप इस देश के नागरिक हैं और वोट डाल सकते हैं. अगर ऐसा है तो हजारों लोगों को उनके मताधिकार से वंचित क्यों रखा गया है? मुख्यमंत्री को जवाब देना होगा कि इन लोगों को वंचित क्यों रखा गया.”
कोलकाता में सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने दोहराया, ”मैंने कल जो कहा था, उस पर कायम हूं. सात दिन के अंदर सीएए को लागू किया जाएगा. यह मेरी गारंटी है.” राज्य की अनुसूचित जाति की आबादी में मटुआ समुदाय का एक बड़ा हिस्सा है. 1950 के दशक से यह समुदाय मुख्य रूप से तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान (अब के बांग्लादेश) में धार्मिक उत्पीड़न के कारण पश्चिम बंगाल की ओर पलायन करता रहा है.
ठाकुर का यह दावा इस महीने इन खबरों के बीच आया है कि लोकसभा चुनाव की घोषणा से काफी पहले इस कानून के नियम अधिसूचित कर दिये जाएंगे. उनकी टिप्पणी पर राज्य में सत्तारूढ. तृणमूल कांग्रेस की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई जिसने सीएए का पुरजोर विरोध किया और इसे ”विभाजनकारी” करार दिया.
प्रदेश सरकार की मंत्री शशि पांजा ने कहा, ”भाजपा हमेशा की तरह सीएए का इस्तेमाल करने की पुरानी चाल अपना रही है. हमारी पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्पष्ट कहा है कि पश्चिम बंगाल में सीएए लागू नहीं किया जाएगा. राज्य में रहने वाले लोग पहले ही इस देश के नागरिक हैं.”
तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा भाजपा नेता लोकसभा चुनाव से पहले सीएए के मुद्दे को उठा रहे हैं जो महज चुनावी बयानबाजी है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कूच बिहार जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा पर चुनाव से पहले फायदा उठाने के मकसद से सीएए के मुद्दे को उठाने का आरोप लगाया.



