तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी को सीबीआई दोबारा तलब करेगी : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 May 2023 07:56 PM
तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी को सीबीआई दोबारा तलब करेगी : भाजपा
ऑडियो सुनें

कोलकाता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को आने वाले दिनों में सीबीआई द्वारा पश्चिम बंगाल में कथित स्कूल भर्ती घोटाला से लेकर कोयला और पशु तस्करी घोटालों के सिलसिले में तलब किया जाएगा.

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक से इतर संवाददाताओं से कहा कि शनिवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ किए जाने पर बनर्जी नाराज हो सकते हैं, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता.

उन्होंने कहा, ”सीबीआई द्वारा इतने घंटों तक पूछताछ किए जाने से वह (अभिषेक) परेशान नजर आ रहे थे. लेकिन, जैसे-जैसे एसएससी घोटाले, कोयला तस्करी के मामलों की जांच गति पकड़ रही है, अगर आने वाले दिनों में उन्हें फिर से इस तरह की पूछताछ के लिए बुलाया जाता है, तो उन्हें रोना नहीं चाहिए. उन्हें जांचकर्ताओं के सामने अपनी बेगुनाही साबित करनी होगी. यह अदालत की निगरानी वाली जांच है.” भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने संवाददाताओं से कहा, ”नौ घंटे की पूछताछ के बाद अभिषेक बनर्जी के हाव-भाव से संकेत मिलता है कि सवाल तीखे थे और वह डरे हुए हैं.”

उन्होंने कहा, ”यह सिर्फ शुरुआत है. कई और बार सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का बुलावा आ सकता है.” भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, ”हमें अभिषेक बनर्जी से पूछताछ के नतीजे और उनके भविष्य के गंतव्य के बारे में जल्द ही पता चल जाएगा.” वहीं, भाजपा नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, ”पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की हार के बाद केंद्र सरकार प्रतिशोध लेने के लिए फर्जी आरोपों पर अभिषेक बनर्जी जैसे हमारे नेताओं को परेशान करने और डराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu