छत्तीसगढ़: कोरबा में हाथी के हमले में महिला की मौत

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत चैतमा क्षेत्र के नामपानी में मंगलवार देर रात हुई इस घटना में फूलसुंदरी मंझावार (60) की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि नामपानी की निवासी फूलसुंदरी और उसका पति घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे तभी रात तीन बजे अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया। उन्होंने बताया कि हाथी की ंिचघाड़ सुनकर महिला जागी और भागने लगी जबकि उसका पति खाट के नीचे छिप गया।
उन्होंने बताया कि महिला को भागते देख हाथी ने उसपर हमला कर दिया और उसे कुचलकर उसे मार डाला।

अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पहुंचे और हाथी को वहां से खदेड़ा गया।
कटघोरा वन मंडल के अधिकारी कुमार निशांत ने बताया कि मृत महिला के परिजन को 25 हजार रुपए तत्काल सहायता राशि दी गई है।
कुमार ने बताया कि वन्यजीव के हमले में किसी की मौत होने पर सरकार की ओर से छह लाख रुपए मुआवजा दिए जाने का प्रावधान है, लिहाजा शेष पांच लाख 75 हजार रुपए सभी औपचारिकता पूरी होने के बाद दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि यह जंगली हाथी बिलासपुर वन मंडल के सीपत क्षेत्र से कटघोरा वन मंडल पहुंचा है तथा पिछले चार दिन से चैतमा क्षेत्र के जंगल में घूम रहा है। उन्होंने कहा कि इस हाथी का व्यवहार काफी आक्रामक है, जिसे देखते हुए वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों में ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि एक अप्रैल 2021 से 17 दिसंबर 2025 तक कटघोरा वन मंडल में वन्य जीवों के हमले से 22 लोगों की जान गई है। फिलहाल क्षेत्र में लगभग 55 हाथी विचरण कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button