मुख्यमंत्री योगी ने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 22 Nov 2025 12:14 PM
मुख्यमंत्री योगी ने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
ऑडियो सुनें

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।’’

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने ‘एक्स’ खाते पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर उन्हें शत शत नमन।’’ सपा संस्थापक मुलायम ंिसह यादव का जन्म 22 नवंबर, 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। वह 1989 में पहली बार, फिर 1993 और 2003 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वे देश के रक्षा मंत्री भी रहे। यादव 1977 में जनता पार्टी की सरकार में पहली बार मंत्री बने थे।

मुलायम सिंह यादव ने 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की। समाजवादी विचारक और नेता राम मनोहर लोहिया से प्रेरित यादव जमीनी स्तर पर अपने गहरे जुड़ाव और पिछड़े वर्ग की लामबंदी के लिए जाने जाते थे। मुलायम को मरणोपरांत वर्ष 2023 में ‘पद्म विभूषण’ से भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा सम्मानित किया गया। उनका 10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital