मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पाटन सीट से नामांकन दाखिल किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 30 Oct 2023 07:11 PM
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पाटन सीट से नामांकन दाखिल किया
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को दुर्ग जिले की अपनी पारंपरिक सीट पाटन से कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया. 62 वर्षीय नेता ने दुर्ग कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्र दाखिल करने की अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने हैंडल पर पोस्ट कीं और लिखा, ”नाम- भूपेश बघेल, विधानसभा क्षेत्र- पाटन, छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से आज पुन? पाटन विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है.” बघेल के नामांकन दाखिल करने के दौरान विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत और गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू उनके साथ थे.

नामांकन दाखिल करने जाने से पहले बघेल ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा कीं, जिनमें उनकी पत्नी भिलाई स्थित अपने आवास पर उनके माथे पर तिलक लगाती नजर आ रही हैं. इन तस्वीरों को ‘एक्स’ पर साझा करते हुए बघेल ने लिखा, ”हर बार वह दिन याद आता है जब पहली बार नामांकन दाखिल करने गया था. आज पाटन विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने भिलाई स्थित निवास से निकला हूं.” उन्होंने लिखा ”मेरी धर्मपत्नी मुक्तेश्वरी ने हर बार की तरह तिलक किया. आप सबका प्यार मेरा संबल है. छत्तीसगढि.या स्वाभिमान के लिए, आप सबकी सेवा के लिए सदैव सर्मिपत रहने का वादा आपसे करता हूं.”

दुर्ग जिले का पाटन, ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र है जिसकी सीमा राजधानी रायपुर से लगती है. बघेल ने इस सीट से पांच बार 1993, 1998, 2003, 2013 और 2018 में विधानसभा चुनाव जीता है. 2008 में वह भाजपा के विजय बघेल से विधानसभा चुनाव हार गए थे. विजय बघेल भूपेश बघेल के रिश्तेदार हैं. इस सीट पर भाजपा ने एक बार फिर विजय बघेल को मैदान में उतारा है. वह दुर्ग से लोकसभा सांसद हैं. दोनों कुर्मी जाति से हैं. कुर्मी राज्य में एक प्रभावशाली ओबीसी समुदाय है, जिसकी इस निर्वाचन क्षेत्र में बड़ी आबादी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav