मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने येचुरी के निधन पर दुख जताया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 12 Sep 2024 05:33 PM
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने येचुरी के निधन पर दुख जताया
ऑडियो सुनें

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को वरिष्ठ माकपा नेता सीताराम येचुरी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए इसे भारतीय राजनीति के लिए क्षति करार दिया। उन्होंने येचुरी के परिवार, मित्रों और पार्टी सहयोगियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘सीताराम येचुरी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। मैं उन्हें एक वरिष्ठ सांसद के रूप में जानती थी और उनका निधन राष्ट्रीय राजनीति के लिए क्षति है। मैं उनके परिवार, मित्रों और सहयोगियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’

तृणमूल कांग्रेस के महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वरिष्ठ माकपा नेता सीताराम येचुरी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। वैसे तो हमारी राजनीतिक विचारधाराएं अलग थीं, लेकिन पिछले कुछ सालों में विपक्ष की कई बैठकों में मुझे उनसे बातचीत करने का सौभाग्य मिला।’’

उन्होंने कहा, ‘‘येचुरी की सादगी, लोक नीति की गहन समझ और संसदीय मामलों में उनकी गहरी अंतर्दृष्टि वास्तव में उल्लेखनीय थी। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।’’ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी का बृहस्पतिवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav