‘चाइनीज माल वाली गारंटी’ है ‘मोदी की गारंटी’: तेजस्वी यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Mar 2024 08:10 PM
‘चाइनीज माल वाली गारंटी’ है ‘मोदी की गारंटी’: तेजस्वी यादव
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को केंद्र सरकार पर ‘अघोषित आपातकाल’ लागू करने का आरोप लगाया और दावा किया कि ‘मोदी की गारंटी’ ‘चाइनीज माल’ वाली गारंटी है जो सिर्फ चुनाव तक रहेगी. उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘लोकतंत्र बचाओ महारैली’ में 1990 के दशक की फिल्म ‘साजन चले ससुराल’ के गाने ‘तुम तो धोखेबाज हो…’ का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसा.

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा, ”तुम तो धोखेबाज हो, वादा करके भूल जाते हो, रोज-रोज मोदी जी ऐसा करोगे, जनता रूठ जाएगी तो हाथ मलोगे….” तेजस्वी यादव ने कहा, ”रैली में जुटी भीड़ से पता चलता है कि मोदी जी जिस तरह से आंधी की तरह आए थे, उसी तरह तूफान की तरह चले जाएंगे…हम जहां जा रहे हैं, जनता का साथ मिल रहा है…हम लोकतंत्र, संविधान और भाईचारे को बचाने के लिए एकत्र हुए हैं.”

उन्होंने कहा, ”देश को बांटा जा रहा है, भाई को भाई से लड़ाया जा रहा है. इसलिए हम आपकी लड़ाई लड़ रहे हैं.” यादव ने कहा, ”लोग 400 पार का नारा लगाते हैं, वे कुछ भी बोल सकते हैं. लेकिन जनता मालिक है और जनता को तय करना है कि कौन शासन करेगा.” उन्होंने दावा किया कि ‘400 पार’ का नारा ऐसे लगाया जा रहा है कि जैसे ईवीएम में पहले ही ‘सेटिंग’ हो चुकी है. राजद नेता ने आरोप लगाया, ”देश में अघोषित आपातकाल लागू हो चुका है. सत्ता में बैठे लोग तानाशाहीपूर्ण रवैया अपना रहे हैं, घमंडी हो गए हैं…देश में सबसे बड़ी दुश्मन बेरोजगारी और महंगाई है.

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ”मोदी जी प्रियंका चोपड़ा से मिलेंगे, किसानों से नहीं मिलेंगे. मोदी जी अब बिल गेट्स को बुलाकर साक्षात्कार दे रहे हैं.” यादव ने कहा, ”हम लोग डरने वाले नहीं हैं. पिंजरे में शेर को कैद किया जाता है…कंस के राज में जब तकलीफ होती थी तो लोगों को जेल में डाल दिया जाता था.”

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ”ये लोग यूरिया को चीनी बना देते हैं, गोबर को हलवा बना देते हैं और आंख फोड़कर चश्मा देते हैं.” तेजस्वी यादव ने दावा किया, ”मोदी जी की गारंटी ‘चाइनीज माल’ वाली गारंटी है. जब तक चुनाव है तभी तक यह गारंटी है.” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग ‘नागपुरिया कानून’ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एजेंडे को लागू करना चाहते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu