चौहान ने की ‘एक देश, एक चुनाव’ की पैरवी, बार-बार चुनाव को तरक्की में बाधा बताया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Dec 2024 07:03 PM
चौहान ने की ‘एक देश, एक चुनाव’ की पैरवी, बार-बार चुनाव को तरक्की में बाधा बताया
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को ‘एक देश, एक चुनाव’ की पैरवी करते हुए कहा कि बार-बार चुनाव देश की प्रगति में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं. अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत कुरुक्षेत्र में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है.

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक गौरवशाली, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है तथा जल्द ही भारत हमारी आँखों के सामने ‘विश्व गुरु’ बन जाएगा. इसमें कोई संदेह नहीं है तथा पूरी दुनिया यह जानती है.” चौहान ने कहा, ”लेकिन भारत की प्रगति और विकास में एक बाधा है, वह है बार-बार चुनाव. देश में कुछ और हो या न हो, लेकिन चुनाव की तैयारियां पूरे पांच साल, बारह महीने चलती रहती हैं.” उन्होंने कहा, ”जब लोकसभा चुनाव खत्म हो जाता है, तो विधानसभा चुनाव आ जाते हैं. हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव खत्म हो चुका है, अब दिल्ली विधानसभा चुनाव आ रहा है.”

कृषि मंत्री ने कहा, ”फिर बिहार में चुनाव होगा और जब हम इससे निपट लेंगे, तो फिर चुनाव का अगला दौर होगा. सभी राजनीतिक दल पूरे पांच साल चुनाव की तैयारी करते रहते हैं और उसमें जनकल्याण के काम एवं विकास के काम पीछे छूट जाते हैं.” हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”चुनाव जीतने की चिंता में सभी दलों के नेता लगे रहते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu