कश्मीर घाटी में ठंड का प्रकोप बढ़ा

श्रीनगर: कश्मीर में शुक्रवार को ठंड बढ़ गई और यहां न्यूनतम तापमान के शून्य से कई डिग्री कम हो जाने के कारण घाटी के अधिकांश इलाकों में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि शुष्क मौसम के कारण कश्मीर में रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारियों के अनुसार इस मौसम में तापमान सामान्य से 1.2 से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है और यह पिछली रात से भी दो डिग्री नीचे है। काजीगुंड में भी न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान है।

प्रसिद्ध पर्यटन स्थल और वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है। अधिकारियों के अनुसार, प्रसिद्ध स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे और कोकेरनाग में शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार तक मौसम के सामान्य तौर पर शुष्क रहने तथा रात के तापमान में और गिरावट होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button