कांग्रेस की सीईसी ने राजस्थान के लिए 100 से अधिक सीट पर चर्चा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Oct 2023 09:27 PM
कांग्रेस की सीईसी ने राजस्थान के लिए 100 से अधिक सीट पर चर्चा की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने बुधवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 100 से अधिक सीट पर चर्चा की और अगले कुछ दिनों के भीतर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जाएगी. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस आगामी चुनावों में जनता का आशीर्वाद हासिल करेगी.

खरगे की अध्यक्षता में राजस्थान को लेकर हुई सीईसी की बैठक में पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और कई अन्य नेता शामिल हुए.

कांग्रेस की सीईसी ने मध्य प्रदेश को लेकर भी चर्चा की जहां पार्टी पहले ही 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है. राहुल गांधी मध्य प्रदेश को लेकर हुई सीईसी की बैठक में शामिल नहीं हुए क्योंकि उन्हें तेलंगाना रवाना होना था. मध्य प्रदेश के लिए हुई कांग्रेस की सीईसी की बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ, पार्टी के राज्य प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और कई अन्य नेता मौजूद थे.

राजस्थान पर सीईसी की बैठक को लेकर खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”बचत, राहत, बढ़त, हिफ.ाजत और उत्थान, कांग्रेस के सुशासन से ऐसे बदला राजस्थान ! भरोसा है हमें कि जनता फिर से देगी आशीर्वाद. आज राजस्थान के परिप्रेक्ष्य में केंद्रीय चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई.” सूत्रों का कहना है कि सीईसी ने राजस्थान के लिए 100 से अधिक सीट पर चर्चा की है और अगले कुछ दिनों के भीतर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होगी.

खरगे ने मध्य प्रदेश को लेकर कहा, ”मध्य प्रदेश इस बार भाजपा के बहकावें में नहीं आएगा, जन-आक्रोश इस निक्कमी, अत्याचारी, भ्रष्टाचारी सरकार को सबक सिखाएगा. मध्य प्रदेश के हर वर्ग के जीवन में होगा न्याय और वचनबद्धता का उदय, क्योंकि जनता लेगी कांग्रेस के पक्ष में अभूतपूर्व निर्णय!” सीईसी की बैठक से पहले दोनों राज्यों से संबंधित पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठकों में सभी सीट पर संभावित उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हो चुकी है.

राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीट पर 25 नवंबर को मतदान होगा. मतगणना तीन दिसंबर को होगी. मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा के आगामी चुनाव के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती तीन दिसंबर को की जाएगी. कांग्रेस ने गत 15 अक्टूबर को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 144 सीट पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu