कांग्रेस को पसंद नहीं कि उसके नेता नेहरू-गांधी परिवार के बाहर किसी की तारीफ करें: केरल भाजपा प्रमुख

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Nov 2025 10:59 PM
कांग्रेस को पसंद नहीं कि उसके नेता नेहरू-गांधी परिवार के बाहर किसी की तारीफ करें: केरल भाजपा प्रमुख
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने शशि थरूर का समर्थन करते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस को यह पसंद नहीं है कि उसके नेता नेहरू-गांधी परिवार के बाहर किसी की प्रशंसा करें. भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की प्रशंसा करने के लिए कांग्रेस नेता थरूर को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है.

चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा को देश की सेवा करने वाले किसी भी नेता का सम्मान करने, उनकी सराहना करने में कोई हिचकिचाहट नहीं है, चाहे उनकी राजनीतिक संबद्धता कुछ भी हो. चंद्रशेखर कांग्रेस नेता थरूर के बारे में संवाददाताओं के सवालों का जवाब दे रहे थे, जो हाल में आडवाणी की प्रशंसा करने के कारण आलोचनाओं के घेरे में आ गए. आडवाणी आठ नवंबर को 98 वर्ष के हो गए.

भाजपा की केरल इकाई के प्रमुख ने कहा कि थरूर की टिप्पणी पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया “उम्मीद के मुताबिक” थी. चंद्रशेखर ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “अगर थरूर प्रियंका गांधी, उनके बेटे या बेटी या सोनिया गांधी के इतालवी रिश्तेदारों की प्रशंसा करते रहेंगे, तो कांग्रेस उनकी तारीफ.ों के पुल बांधेगी.” तिरुवनंतपुरम के सांसद थरूर को समर्थन देते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस नेता ने “भारत के राजनीतिक इतिहास के सबसे बड़े नेताओं में से एक” की प्रशंसा की. उन्होंने कहा, “आडवाणी हर भारतीय द्वारा सराहे जाने, सलाम किए जाने और सम्मान के हकदार हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं का सम्मान करना या उनके योगदान को स्वीकार करना पसंद नहीं करती.

चंद्रशेखर ने कहा, “दूसरी ओर, भाजपा को सरदार वल्लभभाई पटेल और सुभाष चंद्र बोस जैसे देश की सेवा करने वाले सभी नेताओं का सम्मान करने, उनके योगदान को सराहे जाने में कोई हिचकिचाहट नहीं है.” थरूर ने कहा था कि भाजपा के वरिष्ठ नेता आडवाणी के लंबे सार्वजनिक जीवन और सेवा को एक घटना तक सीमित करना अनुचित है. थरूर ने यह भी कहा कि जब जवाहरलाल नेहरू के पूरे राजनीतिक जीवन का आकलन चीन संबंधी झटके से नहीं किया जा सकता और इंदिरा गांधी का आकलन केवल आपातकाल से नहीं किया जा सकता, तो उनका मानना ??है कि ”हमें आडवाणी जी के प्रति भी यही विनम्रता दिखानी चाहिए.”

राजीव चंद्रशेखर ने केरल सरकार की आलोचना की, आरएसएस गाना विवाद को ‘मनगढंत’ बताया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को आरोप लगाया कि नव-उद्घाटित एक वंदे भारत एक्सप्रेस में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा कथित तौर पर आरएसएस का गीत गाने पर उत्पन्न विवाद राज्य की कम्युनिस्ट सरकार द्वारा ”मनगढंत” है. चंद्रशेखर ने कहा, ”लोगों को देश के बारे में प्रेरणादायक गीत गाने से कोई नहीं रोक सकता.” उन्होंने राज्य सरकार पर अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए ”जानबूझकर यह मुद्दा बनाने” का आरोप लगाया.

एक दिन पहले ही केरल सरकार ने एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस में हुई घटना की जांच की जांच का आदेश दिया.
चंद्रशेखर ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ”यह कम्युनिस्ट सरकार द्वारा ग­ढ़ा गया विवाद है, जो पिछले 10 वर्षों से भ्रष्टाचार और कुशासन के घेरे में है.” उन्होंने कहा कि पिनराई विजयन सरकार विभिन्न मामलों में कई सवालों से घिरी हुई है, जिसमें हाल में एक सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कथित तौर पर चिकित्सा लापरवाही के कारण एक व्यक्ति की मौत का मामला भी शामिल है.
उन्होंने कहा,”वामपंथी सरकार एक सरकारी अस्पताल में प्रसव के लिए आई एक महिला की मौत और सबरीमाला मंदिर से सोना गायब हो जाने को लेकर भी सवालों का सामना कर रही है.”

चंद्रशेखर ने पूछा, ”अब, इन सबके बीच, उसने वंदे भारत ट्रेन में यात्रा कर रहे बच्चों के एक समूह द्वारा गाए गए एक देशभक्ति गीत को विवाद पैदा करने के लिए चुना है. क्या वह अनुच्छेद 19 भूल गयी हैं, जो हमें अपनी इच्छानुसार कोई भी गीत गाने की अनुमति देता है?” इस विवाद को ‘हास्यास्पद’ बताते हुए उन्होंने कहा, ”संविधान का कौन सा भाग कहता है कि आप देशभक्ति गीत नहीं गा सकते?” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वामपंथी सरकार इस गीत का विरोध इसलिए कर रही है क्योंकि यह ‘सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई)’ और जमात-ए-इस्लामी को रास नहीं आता.

उन्होंने कहा, ”एसडीपीआई और जमात-ए-इस्लामी केरल में क्या सही है एवं क्या गलत, इसका फैसला नहीं करेंगे. राज्य की जनता फैसला करेगी.” चंद्रशेखर ने कहा कि अगर सरकार किसी स्कूली छात्र को गाना गाने पर धमकाती है, तो भाजपा ऐसी कार्रवाई का कड़ा विरोध करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu