कांग्रेस सरकार ऋण लेती है, इसे सोनिया गांधी को देती है : कंगना रनौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 Sep 2024 09:19 PM
कांग्रेस सरकार ऋण लेती है, इसे सोनिया गांधी को देती है : कंगना रनौत
ऑडियो सुनें

शिमला. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कंगना रनौत ने रविवार को आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ऋण लेती है और इसे कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को दे देती है, जिससे राज्य का खजाना ”खाली” हो गया है. रनौत ने यहां एक गांव में भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ”हर कोई जानता है कि भ्रष्टाचार व्याप्त है और कांग्रेस शासित राज्य सरकारों ने अपने-अपने राज्यों को खोखला कर दिया है.” उन्होंने आश्चर्य जताया कि पार्टी (कांग्रेस) चुनावों पर ”इतना अधिक” खर्च कैसे करती है.

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए भाजपा सांसद ने कहा, ”वे कर्ज लेते हैं और सोनिया गांधी को देते हैं जिससे राज्य खाली हो गया है.” रनौत ने कहा, ”आपदाओं और कांग्रेस सरकार ने राज्य को दशकों पीछे धकेल दिया है और मैं लोगों से मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील करती हूं.” उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ”अगर हम आपदा निधि देते हैं तो वह मुख्यमंत्री राहत कोष में जानी चाहिए, लेकिन सभी जानते हैं कि वह सोनिया राहत कोष में जाती है.” हाल में हुए लोकसभा चुनाव में रनौत के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर कटाक्ष करते हुए मंडी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा सांसद ने कहा, ”एक राजा के बेटे की हरकतें सभी को पता हैं और लोग सड़कों पर गड्ढों से थक चुके हैं.”

उन्होंने कहा, ”मैं अपने क्षेत्र के लिए जितना संभव होगा, उससे अधिक करूंगी, लेकिन पीडब्ल्यूडी मंत्री (विक्रमादित्य सिंह) को भी कुछ करना चाहिए.” रनौत ने कहा, ”देश को बचाना है तो भाजपा को लाना है.” उन्होंने लोगों से भाजपा का सदस्य बनने का आग्रह किया.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘युगपुरुष’ हैं और वे सूक्ष्म स्तर पर स्थितियों से निपटते हैं.

भाजपा सांसद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की स्थिति, जहां वेतन और पेंशन में देरी हो रही है और लोगों से मुफ्त बिजली और पानी की सुविधा छीन ली गई है, देश के बाकी हिस्सों से छिपी नहीं है. रनौत ने दावा किया कि प्राथमिक विद्यालयों में खेल सुविधाएं बंद की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि एथलीट और खिलाड़ियों की बुनियाद कम उम्र में ही तैयार हो जाती है और ऐसा लगता है कि हिमाचल को बर्बाद करने की साजिश हो रही है. उन्होंने कहा, ”राज्य सरकार बच्चों के भविष्य को खत्म करने की कोशिश कर रही है, लेकिन मेरा लक्ष्य मंडी निर्वाचन क्षेत्र में एक बड़ा खेल परिसर बनाना है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu