प्राण प्रतिष्ठा समारोह से दूरी बनाने वाली कांग्रेस, अन्य का बहिष्कार कर सकते हैं लोग: अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 17 Jan 2024 09:15 PM
प्राण प्रतिष्ठा समारोह से दूरी बनाने वाली कांग्रेस, अन्य का बहिष्कार कर सकते हैं लोग: अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह से दूरी बनाने वाली कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य घटक दलों पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि लोग इस फैसले के कारण उनका फिर से बहिष्कार कर सकते हैं.

ठाकुर ने अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘स्वच्छता सेवा’ कार्यक्रम के तहत भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा के साथ यहां वाल्मीकि मंदिर परिसर की साफ-सफाई की.
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने संवाददाताओं से कहा, ”उन्होंने नए संसद भवन और प्रधानमंत्री के संबोधन का बहिष्कार किया और लोगों ने उनका बहिष्कार कर दिया. अब, उन्हें लगता है कि वे प्राण प्रतिष्ठा समारोह का बहिष्कार कर सकते हैं लेकिन हो सकता है कि लोग उनका फिर से बहिष्कार कर दें.”

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके गठबंधन सहयोगियों ने भगवान राम के अस्तित्व को नकारने और हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई मौका नहीं छोड़ा. मंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता बयान दे रहे हैं और प्राण प्रतिष्ठा समारोह से दूरी बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें भगवान राम के सामने अंतत: आत्मसमर्पण करना होगा. उन्होंने कहा कि कई कांग्रेस नेता पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी की बात नहीं मान रहे और अयोध्या में ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह में शामिल हो रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu