“सोच में खोट” के कारण संकट से जूझ रहीं कांग्रेस की राज्य सरकारें : राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Oct 2023 10:17 PM
“सोच में खोट” के कारण संकट से जूझ रहीं कांग्रेस की राज्य सरकारें : राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

इंदौर. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को दावा किया कि ”सोच में खोट” के कारण राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में कांग्रेस की सरकारें संकट से जूझ रही हैं तथा इन सरकारों के खजाने में अपने कर्मचारियों को वेतन देने तक की राशि तक नहीं है.
सिंह, मौजूदा मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में इंदौर-1 सीट से भाजपा उम्मीदवार कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के बाद आयोजित सभा में बोल रहे थे.

उन्होंने कहा कि राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में कांग्रेस के राज में सरकारी कर्मचारियों को वेतन देने का संकट पैदा हो गया है. उन्होंने कहा,”कांग्रेस शासित राज्यों में ऐसे संकट इसलिए पैदा होते हैं क्योंकि इनकी सोच में कहीं न कहीं खोट और नीयत पर सवालिया निशान है.” उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 20 साल पहले कांग्रेस की सरकार के वक्त सड़कों और बिजली आपूर्ति का कथित तौर पर बुरा हाल था, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सत्ता में आने के बाद इस सूबे को ”बीमारू” राज्यों की जमात से बाहर निकाला.

सिंह ने आरोप लगाया कि कमलनाथ की अगुवाई वाली पिछली कांग्रेस सरकार ने आवास, चिकित्सा, कृषि और अन्य क्षेत्रों में केंद्र की योजनाएं लागू करने में इसलिए आनाकानी की, क्योंकि कमलनाथ को डर था कि कहीं इन योजनाओं से होने वाले जन हित का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को न मिल जाए.

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंह ने सवाल किया कि संसद में 50 साल तक स्पष्ट बहुमत होने के बाद भी कांग्रेस की सरकारें महिला आरक्षण विधेयक क्यों पारित नहीं करा सकीं? उन्होंने कहा,”56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री (मोदी) ने महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 फीसद आरक्षण मुहैया करा दिया.”

सिंह ने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए कहा कि भाजपा जनता को जनार्दन मानती है, जबकि कांग्रेस एक परिवार को जनार्दन मानती है. उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा,”चंद्रयान, सूर्ययान और मंगलयान की ‘लॉन्चिंग और लैंडिंग’ हो रही है, लेकिन राहुल यान की न तो ‘लॉन्चिंग’ हो पा रही है, न ही ‘लैंडिंग’ हो पा रही है.” रक्षा मंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और नागरिकता कानून बनाने सरीखे कदम गिनाते हुए कहा कि नेताओं की कथनी और करनी में अंतर के चलते राजनीति के प्रति जन सामान्य में विश्वास का संकट है, लेकिन भाजपा ने अपना हर चुनावी वादा निभाया है.

उन्होंने कहा,”मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं कि हम 1984 से लगातार कहते आ रहे हैं कि हमारी सरकार बनेगी, तो अयोध्या की धरती पर भगवान राम का भव्य मंदिर बनाने से हमें दुनिया की कोई भी ताकत नहीं रोक सकती. जाकर देखिएङ्घअयोध्या में यह मंदिर अपनी पूर्णता की ओर पहुंच रहा है.” सिंह ने जी 20 शिखर सम्मेलन में नयी दिल्ली घोषणापत्र को सर्वसम्मति से स्वीकार किए जाने का जिक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का सशक्त देश बन चुका है और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी भारत की बढ़ती हुई ताकत स्वीकार करते हैं.

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा,”कांग्रेस को वर्तमान भारत को लेकर गौरव की अनुभूति क्यों नहीं होती?” सिंह ने भाजपा नेताओं को चुनावी टिकट से वंचित होने पर निराश न होने की सलाह भी दी. उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को यह बात याद रखनी चाहिए कि पार्टी केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, देश को मजबूत बनाने के लिए राजनीति करती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu