केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद लोस चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित करेगी कांग्रेस: जितेंद्र सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Mar 2024 04:43 PM
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद लोस चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित करेगी कांग्रेस: जितेंद्र सिंह
ऑडियो सुनें

ग्वालियर. कांग्रेस महासचिव जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि पार्टी चार-पांच दिनों में होने वाली पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के तुरंत बाद मध्य प्रदेश में लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी. गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश की कुल 29 सीटों में से 24 सीटों के लिए नामों की शनिवार को घोषणा की.

मध्य प्रदेश में पार्टी मामलों के प्रभारी कांग्रेस महासचिव सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”कांग्रेस (उम्मीदवारों) की सूची जल्द ही तैयार की जाएगी. हम राज्य विधानसभा चुनाव में खड़े हुए उम्मीदवारों के अलावा ब्लॉक और जिला स्तर पर समितियों के साथ परामर्श के बाद लोकतांत्रिक तरीके से निर्णय लेते हैं.”

उन्होंने कहा कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की अगले चार-पांच दिनों में बैठक होगी. सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा, ”सीईसी की बैठक के तुरंत बाद कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची घोषित की जाएगी.” रविवार को यहां ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के मौजूद नहीं रहने पर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उज्जैन में यात्रा में शामिल होंगे क्योंकि उन्हें अपनी बहन की दिल की सर्जरी के लिए जाना था.

कमलनाथ शनिवार को राज्य में राहुल गांधी की यात्रा के प्रवेश के स्वागत के लिए मुरैना में आयोजित एक समारोह में उपस्थित थे.
कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सदस्य हैं. यह एकमात्र सीट है जिसे कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में 2019 के आम चुनावों में जीता था. मध्य प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर फिलहाल भाजपा का कब्जा है.

छिंदवाड़ा को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. भाजपा की ओर से अभी तक कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ और उनके बेटे के पाला बदलने की चर्चाओं के बीच, कमलनाथ ने हाल ही में इसका खंडन किया. भाजपा ने शनिवार को मध्य प्रदेश की 24 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिसमें विदिशा से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गुना से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को मैदान में उतारा गया है. भाजपा ने 11 सीटों पर नये उम्मीदवारों को मैदान में उतारते हुए 13 पुराने चेहरों को फिर से मैदान में उतारा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu