दिल्ली में AICC कार्यालय में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक शुरू, सोनिया गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 09 Oct 2023 12:23 PM
दिल्ली में AICC कार्यालय में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक शुरू, सोनिया गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद…
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: दिल्ली में AICC कार्यालय में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक चल रही है। मीटिंग में सोनिया गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मीटिंग में महिला आरक्षण अधिनियम और जाति-आधारित जनगणना जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इस बैठक में सीएम भूपेश बघेल भी मौजूद हैं। इसके साथ ही मणिपुर में हो रही हिंसा पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि किन-किन मुद्दों को लेकर मीटिंग बुलाई गई है। CWC की मीटिंग में 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति भी बनाई जा सकती है।

आगामी विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, “हम 101% मध्य प्रदेश का चुनाव जीतेंगे।” आगामी विधानसभा चुनाव पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा, “अभी चुनाव तारीखों की घोषणा होगी, देखते है चुनाव आयोग क्या तारीख देता है और कितने चरणों में चुनाव होता है, हमारी पूरी तैयारी है…5 राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, हमें पूरा विश्वास है कि हम जीतेंगे।”

5 राज्यों में चुनाव की तारीखें

ECI यानी भारत निर्वाचन आयोग सोमवार को पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करने जा रहा है। साल के अंत तक मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकता है। इन सभी विधानसभाओं का कार्यकाल दिसंबर 2023 से लेकर जनवरी 2024 के बीच समाप्त हो रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की एमपी में सरकार है। जबकि, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का शासन है। मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट और तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति यानी BRS (पहले तेलंगाना राष्ट्र समिति) की सरकार है। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले पांचों राज्यों के चुनाव को सेमीफाइनल के तौर पर भी देखा जा रहा है।

एक ओर जहां एमपी में 230 विधानसभा सीटें हैं। यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है। हालांकि, यहां विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के साथी समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। वहीं, राजस्थान में 200 सीटों पर चुनाव होंगे। राज्य में सत्ता परिवर्तन का रिवाज लंबे समय से चलता आ रहा है। के चंद्रशेखर राव की तेलंगाना सरकार को भाजपा और कांग्रेस से चुनौती मिल सकती है। राज्य में कुल 119 सीटें हैं। 90 सीटों वाले राज्य छत्तीसगढ़ में भाजपा सत्ता में वापसी की कोशिशें करती नजर आ रही है।

संभावनाएं जताई जा रही हैं कि 2018 की तरह ही एमपी, राजस्थान, मिजोरम और तेलंगाना में एक चरण में चुनाव हो सकते हैं। जबकि, छत्तीसगढ़ में दो चरणों के आसार हैं। हालांकि, इसे लेकर चुनाव आयोग ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav