
अमरावती. राजामहेंद्रवरम केंद्रीय कारागार में एक कैदी की कथित तौर पर डेंगू बुखार से मौत होने के मद्देनजर तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) महासचिव नारा लोकेश ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पार्टी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू का जेल में जीवन समाप्त करने की साजिश रची गई है. पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू इस समय राजामहेंद्रवरम केंद्रीय जेल में ही बंद हैं.
नायडू को कौशल विकास निगम से धन के कथित दुरुपयोग के आरोप में नौ सितंबर को गिरफ्तार किया गया था, जिससे राज्य सरकार को 300 करोड़ रुपये से अधिक का कथित रूप से नुकसान हुआ था. वह वर्तमान में राजामहेंद्रवरम केंद्रीय जेल में 14 दिन की रिमांड पर हैं.
लोकेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”राजमुंदरी ग्रामीण मंडल के दोवलेश्वरम के कैदी गंजेती वीरा वेंकट सत्यनारायण की डेंगू से मौत हो गई. बाबू (चंद्रबाबू) का भी ऐसा ही हश्र करने की साजिश रची गई है.” उन्होंने कहा कि यदि नायडू के साथ ऐसा कुछ होता है तो मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि उनके पिता एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को अवैध रूप से गिरफ्तार किया गया है.
लोकेश ने कहा जेल में नायडू का जीवन खत्म करने की साजिश रची गई है. उन्होंने कहा कि सबूतों के अभाव में उन्हें जमानत देने से इनकार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिस जेल में नायडू को हिरासत में रखा गया है, वह मच्छरों से भरी पड़ी है और अधिकारी इस समस्या की कथित तौर पर अनदेखी कर रहे हैं.



