भगदड़ रोकने के लिए भीड प्रबंधन प्रोटोकॉल तय किया जाए: सुरजेवाला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Jun 2025 07:43 PM
भगदड़ रोकने के लिए भीड प्रबंधन प्रोटोकॉल तय किया जाए: सुरजेवाला
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने सोमवार को कहा कि पुरी रथ यात्रा में भगदड़ में जानमाल के नुकसान के लिए जवाबदेही तय की जाए और भीड़ प्रबंधन के वास्ते देशव्यापी मानक प्रोटोकॉल तय करने और राज्यों द्वारा भीड़ सुरक्षा कार्य बल की स्थापना करने जैसे कदम उठाए जाएं. सुरजेवाला ने दावा किया कि इस घटना से ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार की कुछ ”अक्षम्य विफलताएं” सामने आती हैं.

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”ओडिशा सरकार पर्याप्त पुलिस या सुरक्षा व्यवस्था करने में विफल रही. एम्बुलेंस को एक किलोमीटर दूर खड़ा किया गया था. कोई स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं था और घायलों को हाथों में उठाकर ले जाना पड़ा. भगवान जगन्नाथ के रथ से पहले दो ट्रक को आने की अनुमति दी गई थी. परिणामस्वरूप, कई भक्त चपेट में आ गए और गिर गए.”

सुरजेवाला ने कहा, ”व्यवस्थाएं गड़बड़ी की कहानी बताती हैं, वीआईपी प्रवेश एक प्रमुख कारक है, सुरक्षा प्रोटोकॉल की कमी और राजनीतिक एवं प्रशासनिक नेतृत्व की विफलता है. सरल सवाल यह है कि क्या हम गलतियों से सीख रहे हैं.” उन्होंने कहा कि पुरी के मामले में जवाबदेही तय की जाए और भीड़ प्रबंधन के लिए देशव्यापी मानक प्रोटोकॉल तय करने और राज्यों द्वारा भीड़ सुरक्षा कार्य बल की स्थापना करने जैसे कदम उठाए जाएं.

ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास रविवार को मची भगदड़ में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और लगभग 50 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तड़के लगभग चार बजकर 20 मिनट पर हुई, जब हजारों श्रद्धालु रथ यात्रा उत्सव देखने के लिए मंदिर के पास एकत्र हुए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu