डिकॉक और डुसेन के शतक, दक्षिण अफ्रीका की न्यूजीलैंड पर बड़ी जीत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Nov 2023 09:34 PM
डिकॉक और डुसेन के शतक, दक्षिण अफ्रीका की न्यूजीलैंड पर बड़ी जीत
ऑडियो सुनें

पुणे. बेहतरीन फॉर्म में चल रहे क्विंटन डिकॉक और रासी वान डेर डुसेन के शतकों की मदद से विशाल स्कोर खड़ा करने वाले दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी वनडे विश्व कप में बुधवार को यहां न्यूजीलैंड को 190 रन से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल की दहलीज पर मजबूत कदम रखे.

दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद चार विकेट पर 357 रन का विशाल स्कोर बनाया. इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 35.3 ओवर में 167 रन बनाकर आउट हो गई. न्यूजीलैंड की विश्व कप में यहां दूसरी सबसे बड़ी हार है. दक्षिण अफ्रीका की यह लगातार चौथी और कुल छठी जीत है जिससे वहां सात मैच में 12 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है. अपने पहले चार मैच जीतकर शानदार शुरुआत करने वाले न्यूजीलैंड की यह लगातार तीसरी पराजय है, जिससे उस पर सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अगर मगर की डगर में फंसने का खतरा मंडराने लग गया है. कीवी टीम के सात मैच में आठ अंक हैं और वह चौथे स्थान पर खिसक गई है.

डिकॉक ने 116 गेंद पर 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 114 रन बनाए. डुसेन ने 118 गेंद पर 133 रन बनाए जिसमें 9 चौके और 5 छक्के शामिल हैं. इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 200 रन की साझेदारी की. इनके अलावा ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी के लिए भेजे गए डेविड मिलर ने 30 गेंद पर चार छक्कों की मदद से 53 रन की तूफानी पारी खेली. दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी 10 ओवर में 119 रन बनाए.

न्यूजीलैंड की टीम शुरू में ही बड़े लक्ष्य के दबाव में आ गई. उसके बल्लेबाजों ने भी किसी तरह से जिम्मेदारी नहीं दिखाई. उसके केवल तीन बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे, जिनमें ग्लेन फिलिप्स ने सर्वाधिक 60 रन बनाए. दक्षिण अफ्रीका की तरफ से केशव महाराज ने 46 रन देकर चार, मार्को यानसन ने 31 रन देकर तीन और गेराल्ड कोएत्जी ने 41 रन देकर दो विकेट लिए.

यानसन ने गेंदबाजी में फिर से दक्षिण अफ्रीका को अच्छी शुरुआत दिलाई. उन्होंने डेवोन कॉनवे (02) और शानदार फॉर्म में चल रहे रचिन रविंद्र (09) को सस्ते में आउट करके न्यूजीलैंड का शीर्ष क्रम झकझोरा. सलामी बल्लेबाज विल यंग (37 गेंद पर 33) भी अपनी पारी लंबी नहीं खींच पाए, जबकि कप्तान टॉम लैथम (04) भी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहे. यंग को कोएत्जी ने अपने पहले ओवर में पवेलियन का रास्ता दिखाई जबकि लैथम ने कागिसो रबाडा की गेंद पर कवर में आसान कैच दिया.

डेरिल मिचेल (24) से ऐसे मौके पर जिम्मेदारी भरी पारी खेलने की उम्मीद थी लेकिन उन्होंने महाराज के पहले ओवर में ही गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर डीप कवर पर कैच दे दिया. इस तरह से न्यूजीलैंड की आधी टीम 90 रन पर पवेलियन लौट गई. न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को नेट रन रेट को ध्यान में रखकर बल्लेबाजी करने की जरूरत थी लेकिन आगे भी लगातार विकेट गिरने से वह इस स्तर पर भी सफल नहीं रहा. मैट हेनरी ने चोटिल होने के बावजूद फिलिप्स का साथ दिया, जिन्होंने आखिर में लंबे शॉट लगाकर दर्शकों का मनोरंजन किया. फिलिप्स ने अपनी 50 गेंद की पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए.

इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया और फिर कसी गेंदबाजी की. आलम यह था कि डिकॉक जैसा आक्रामक बल्लेबाज पहले 15 ओवर में केवल एक बाउंड्री लगा पाया था. दक्षिण अफ्रीका ने पहले पावरप्ले में एक विकेट पर 43 रन बनाए. इसमें कप्तान तेंंबा बावुमा का योगदान 24 रन था. उन्होंने ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर स्लिप में कैच देने से पहले अपने चारों चौके और एक छक्का मेट हेनरी पर लगाया.

डिकॉक भी उनके पीछे पवेलियन लौट जाते लेकिन ग्लेन फिलिप्स ने विश्व कप में अपना पहला मैच खेल रहे टिम साउदी की गेंद पर उनका मुश्किल कैच छोड़ दिया. डिकॉक तब 12 रन पर खेल रहे थे. उन्होंने पारी के 16वें ओवर में साउदी पर चौका और छक्का लगाकर अपने हाथ खोले और फिर सेंटनर की गेंद भी छह रन के लिए भेजी.

डिकॉक ने इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की तरफ से किसी एक विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने का जॉक कैलिस (485 रन, 2007) का रिकॉर्ड तोड़ा. डुसेन भी शुरू में जूझते नजर आए लेकिन उन्होंने पांव जमाए रखे तथा 61 गेंद पर अपना पचासा पूरा किया. इस बीच उन्होंने रविंद्र और फिलिप्स पर छक्के लगाए. डिकॉक ने जेम्स नीशम पर छक्का लगाकर 103 गेंद पर वर्तमान विश्व कप का अपना चौथा शतक पूरा किया. नीशम के इस ओवर में डुसेन को दो जीवनदान मिले.

टॉम लैथम ने इन दोनों की साझेदारी तोड़ने के लिए सात गेंदबाजों का उपयोग किया. इस बीच हेनरी को मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान छोड़ना पड़ा. साउदी ने 40वें ओवर में डिकॉक को बैकवर्ड प्वाइंट पर कैच करा कर यह साझेदारी तोड़ी. इस बार फिलिप्स ने कैच लेने में कोई गलती नहीं की.

डुसेन ने नीशम पर चौका लगाकर 101 गेंद पर अपना शतक पूरा किया जो वर्तमान विश्व कप में उनका दूसरा सैकड़ा है. उन्होंने बाद में इसी गेंदबाज पर लगातार दो छक्के लगाए जबकि मिलर ने यही रवैया फिलिप्स के खिलाफ अपनाकर 46वें ओवर में टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया. साउदी ने डुसेन को बोल्ड करके इन दोनों के बीच 43 गेंद पर निभाई गई 78 रन की साझेदारी तोड़ी. मिलर ने नीशम पर छक्का लगाकर 29 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया. न्यूजीलैंड की तरफ से साउदी ने 77 रन देकर दो विकेट लिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu