तुर्किये-सीरिया में आए ताजा भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई आठ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 21 Feb 2023 07:03 PM
ऑडियो सुनें

इस्तांबुल. तुर्किये और सीरिया में सोमवार को आए ताजा विनाशकारी भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है. अधिकारियों और मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी. तुर्किये के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि सोमवार को आए 6.4 तीव्रता के भूकंप के बाद छह लोगों की मौत हो गई और 294 अन्य घायल हो गए, जिनमें से 18 की हालत गंभीर है. वहीं, मीडिया के मुताबिक सीरिया में हामा और टार्टस प्रांतों में भूकंप के दौरान दहशत से एक महिला और एक लड़की की मौत हो गई.

सोमवार को आए भूकंप का केंद्र तुर्किये के हाते प्रांत का डेनफे शहर था, जो छह फरवरी को आए 7.8 तीव्रता के भूकंप में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक है. वहीं, अधिकारियों ने भूकंप पीड़ितों को चेतावनी दी है कि वे अपने घरों के अवशेषों में न जाएं. लेकिन लोगों ने अधिकारियों की बात नहीं मानी.

सोमवार को आए भूकंप ने तुर्किये और सीरिया के उन कुछ हिस्सों को फिर से दहला दिया, जो दो हफ्ते पहले बड़े पैमाने पर आए भूकंप से तबाह हो गए थे. भूकंप के उन झटकों में केवल तुर्किये में कम से कम 41,156 लोग मारे गए थे. अधिकारियों ने कहा कि कई इमारतें ढह गईं हैं. हालांकि, उनमें लोगों के फंसे होने का कोई मामला सामने नहीं आया है. दोनों देशों में कई लोग घायल हुए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu