धमतरी: चरित्र पर संदेह को लेकर शादी के तीन माह बाद ही पति ने पत्नी का गला रेता

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 11 Jun 2025 01:39 PM
धमतरी: चरित्र पर संदेह को लेकर शादी के तीन माह बाद ही पति ने पत्नी का गला रेता
ऑडियो सुनें

धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने एक व्यक्ति को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। दोनों की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी और आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के नगरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोटपारा इलाके में मीनाक्षी पटेल की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति धनेश्वर पटेल :26: को गिरफ्तार कर लिया है। नगरी थाना के प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि मंगलवार को घटना की सूचना मिलने पर वहां पहुंची पुलिस टीम ने घर के एक कमरे से मीनाक्षी का शव बरामद किया। मीनाक्षी की हत्या दरांती से गला रेतकर की गई थी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मीनाक्षी के पति धनेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली है कि मीनाक्षी और धनेश्वर का विवाह तीन माह पहले ही हुआ था। विवाह के बाद से ही धनेश्वर मीनाक्षी के चरित्र पर संदेह करता था। इसे लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था।

ताम्रकार ने बताया कि मंगलवार की सुबह जब घर में धनेश्वर के माता—पिता नहीं थे, तब धनेश्वर और मीनाक्षी के बीच विवाद हुआ और धनेश्वर ने मीनाक्षी की गला रेतकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी जब पड़ोसियों को मिली तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital