धर्मेंद्र की हालत स्थिर और सेहत में हो रहा सुधार, झूठी खबरें फैलाना बंद करें: परिवार

मुंबई: जाने-माने अभिनेता धर्मेंद्र के परिवार ने मीडिया से उनके स्वास्थ्य के बारे में झूठी खबरें प्रसारित नहीं करने का आग्रह करते हुए मंगलवार को कहा कि उनकी ‘‘हालत स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो’’ रहा है। धर्मेंद्र (89) मुंबई के एक अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में हैं।

इससे पहले सुबह धर्मेंद्र की मौत को लेकर खबरें प्रसारित होने के बाद उनकी बेटी एशा देओल ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करके उन्हें खारिज कर दिया। एशा ने ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ‘‘लगता है कि मीडिया जरूरत से ज्यादा सक्रियता दिखा रहा है और झूठी खबरें फैला रहा है। मेरे पिता की हालत स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि हमारे परिवार की निजता का सम्मान करें। पापा के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद।’’ अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी ने भी अपने पति धर्मेंद्र के स्वास्थ्य के बारे में ‘‘गैर-जिम्मेदाराना’’ मीडिया कवरेज की आलोचना की।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जो कुछ हो रहा है, वह अक्षम्य है! जिम्मेदार चैनल ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबर कैसे फैला सकते हैं जिसे इलाज से लाभ हो रहा है और जिसके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है? यह बेहद अपमानजनक और गैरजिम्मेदाराना है। कृपया परिवार और उसकी निजता की जरूरत का पूरा सम्मान करें।’’

धर्मेन्द्र के बेटे अभिनेता सनी देओल के एक प्रतिनिधि ने कहा कि दिग्गज अभिनेता पर ‘‘इलाज का असर हो रहा है।’’ प्रतिनिधि ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘सर (धर्मेंद्र) के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और उपचार से उन्हें लाभ हो रहा है। आइए, हम सब उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु के लिए प्रार्थना करें।’’

एशा और हेमा मालिनी के बयान ऐसे समय में आए, जब रक्षा मंत्री राजनाथ ंिसह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गीतकार जावेद अख्तर सहित कई प्रमुख हस्तियों ने धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कीं। बाद में उन्होंने अपनी ‘पोस्ट’ हटा दीं।

धर्मेंद्र को पिछले कुछ दिन में कई बार दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेमा मालिनी ने इससे पहले सोमवार रात को शुभंिचतकों से धर्मेंद्र के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया था। हेमा मालिनी ने ‘एक्स’ पर लिखा था, ‘‘मैं धरम जी के बारे में ंिचता करने के लिए सभी का धन्यवाद करती हूं। वह अस्पताल में निगरानी में हैं। उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है और हम सब उनके साथ हैं।

मैं आप सभी से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने का अनुरोध करती हूं।’’ सनी देओल के प्रतिनिधि ने भी सोमवार को कहा था, ‘‘धर्मेंद्र जी की हालत स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। आगे की टिप्पणी और अद्यतन जानकारी उपलब्ध होने पर साझा की जाएगी। सभी से अनुरोध है कि उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करें और परिवार के निजता के अधिकार का सम्मान करें।’’

हेमा मालिनी, सनी देओल और बॉबी देओल समेत पूरा देओल परिवार इस समय अस्पताल में धर्मेंद्र के पास है। अभिनेता शाहरुख खान और सलमान खान भी परिवार से मिलने अस्पताल पहुंचे। अभिनेता गोंिवदा और अभिनेत्री अमीषा पटेल को भी अस्पताल में देखा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button