
नई दिल्ली: लोकसभा में आज फिर संविधान संशोधन पर चर्चा की जा रही है। इस दौरान तमाम दलों के सांसद अपने-अपने विचार रख रहे हैं।
संविधान संशोधन पर ललन सिंह की टिप्पणी
जदयू से लोकसभा सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने भी लोकसभा में संविधान संशोधन पर चर्चा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया।
पीएम मोदी ने हरिवंश नारायण को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरिवंश को राज्यसभा के उपसभापति के रूप में तीसरी बार चुने जाने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मैं हरिवंश जी को बधाई देता हूं। राज्य सभा उपसभापति के रूप में लगातार तीसरी बार निर्वाचित होना अपने आप में इस सदन का आपके प्रति गहरा विश्वास है। सबको साथ लेकर चलने का आपका जो प्रयास रहा है उसको एक प्रकार से सदन ने आज मोहर लगा दी है। ये एक सहज कार्यशैली का सम्मान है। हम सबने हरिवंश जी के नेतृत्व में सदन की शक्ति हो और प्रभावित होते देखा है।’
पीएम ने इस दौरान कहा, ‘आज 17 अप्रैल है और 17 अप्रैल, 1927 हमारे पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी की जन्म जयंती भी है। और विशेषता ये भी है कि आज 17 अप्रैल को आप जब तीसरी बार इस दायित्व को संभालने जा रहे हैं, चन्द्रशेखर जी के साथ आपका जुड़ाव, उनके प्रति आपका लगाव रहा और एक प्रकार से आप उनके सहयात्री रहे, उनके पूरे कार्यकाल में, ये अपने आप में एक बड़ा सुयोग है।’
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा- हरिवंश जी के अनुभव से सदन को लाभ मिलेगा, सदन की गरिमा को नई ऊर्जा मिलेगी। पीएम मोदी ने आगे कहा, हरिवंश जी का जन्म जेपी जी के गांव में हुआ है और सदन ने हरिवंश जी के नेतृत्व की शक्ति देखी है। प्रधानमंत्री ने इस दौरान कहा कि हरिवंश जी पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी के सहयात्री रहे हैं। पूरे सदन को आप पर गहरा विश्वास है, हरिवंश जी की कार्यशैली का सभी सम्मान करते हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि हरिवंश जी के लेखोंं में धार है, वाणी में सौम्यता है और उनका काम सराहनीय है। हरिवंश जी सभी की बातें सुनते हैं और उनका यह नया कार्यकाल समर्पण और संतुलन से आगे बढ़ेगा। पीएम मोदी ने कहा कि हरिवंश जी का चुना जाना अनुभव का सम्मान है।



