भारत के साथ विश्वासघात मत कीजिए राहुल जी: अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Mar 2023 07:57 PM
भारत के साथ विश्वासघात मत कीजिए राहुल जी: अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारत में लोकतंत्र के ‘गायब’ होने और अमेरिका और यूरोपीय देशों से इसमें हस्तक्षेप की मांग संबंधी राहुल गांधी के बयान को लेकर सोमवार को उन पर निशाना साधा और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष से देश के साथ विश्वासघात नहीं करने को कहा.

उन्होंने कहा, ‘‘आप भारत के साथ विश्वासघात मत कीजिए राहुल जी. भारत की विदेश नीति पर आक्षेप आपके निम्न बौद्धिक स्तर का परिचायक है. विदेशी जमीन पर जाकर अपने देश को बदनाम करने का आप जो प्रयास करते हैं, झूठ फैलाते हैं… इसको कोई मानेगा नहीं.’’ लंदन में एक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भारतीय लोकतंत्र के ढांचे पर ‘‘बर्बर हमला’’ हो रहा है. उन्होंने अफसोस जताया कि अमेरिका और यूरोप समेत दुनिया के लोकतांत्रिक हिस्से इस पर ध्यान देने में नाकाम रहे हैं.

ठाकुर ने कहा, ‘‘उनकी पार्टी ने पहले भी ऐसा किया था, जब वह स्थानीय मुद्दों को संयुक्त राष्ट्र में ले गई थी और अब अन्य देशों से भारत में हस्तक्षेप करने के लिए कह रही है. वे अभी तक गुलामी की मानसिकता से बाहर नहीं आए हैं.’’ ठाकुर ने कहा कि गांधी ने अपनी नाकामियों को छिपाने की साजिश के तहत विदेशी धरती से भारत को बदनाम करने का सहारा लिया है.

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी विवादों के आदी बन चुके हैं. विदेशी दोस्त हों, विदेशी एजेंसियां हों या विदेशी चैनल या फिर विदेशी जमीन, इनका दुरुपयोग कर भारत को बदनाम करने का वह कोई मौका नहीं छोड़ते.’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनकी भाषा, उनके विचार, उनकी कार्यशैली सब कुछ संदिग्ध सी है. यह पहला मौका नहीं है, बार-बार राहुल जी ने ऐसा किया है. जब कोविड-19 महामारी आई, तब भी उन्होंने सवाल उठाए.’’

सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा ‘‘ जब चीन ने अतिक्रमण की कोशिश की तब भी पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने सेना पर प्रश्नचिन्ह खड़े किए थे. इतना ही नहीं, उन्होंने चीन के अधिकारियों के साथ मुलाकात तक की थी.’’ उन्होंने कहा कि सेना के जवान जब शहीद हुए तब भी राहुल गांधी ने कई सवाल उठाए थे जो भारतीय सेना को लेकर उनकी सोच को दर्शाते हैं. भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इतनी कमजोर हो सकती है, लेकिन भारत कमजोर नहीं है.

ठाकुर ने कहा, ‘‘क्यों वह अमेरिका को हस्तक्षेप करने के लिए कहते हैं? इतना ही कहूंगा कि भारतीय लोकतंत्र मजबूत है, भारत के लोग भी मजबूत हैं और भारत की सेना भी मजबूत है. भारत के पास एक ऐसा नेतृत्व है जिसके पास दूरदृष्टि है और पूरी दुनिया उस पर भरोसा करती है.’’ उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जमानत पर जेल से बाहर हैं और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति उनका विश्वास खत्म हो गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu