मोदी सरकार का ग्राफ गिरने के कारण दिया जा रहा धार्मिक मसलों को तूल: दिग्विजय सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 20 May 2022 09:59 PM
मोदी सरकार का ग्राफ गिरने के कारण दिया जा रहा धार्मिक मसलों को तूल: दिग्विजय सिंह
ऑडियो सुनें

इंदौर. कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने महंगाई व बेरोजगारी बढ़ने और रुपये के अवमूल्यन को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर शुक्रवार को निशाना साधा. उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि सरकार का ग्राफ गिरने के कारण सत्तारूढ़ भाजपा के नेताओं द्वारा ज्ञानवापी मस्जिद विवाद सरीखे धार्मिक मसलों को तूल दिया जा रहा है.

ज्ञानवापी मस्जिद विवाद और अन्य धार्मिक मसलों के फिर गरमाने के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा,‘‘यह कोई नयी बात नहीं है. महंगाई तथा बेरोजगारी बढ़ रही है, रुपये का अवमूल्यन हो रहा है और मोदी (सरकार) का ग्राफ गिरता जा रहा है. ऐसे में वे (भाजपा नेता) और क्या करेंगे?” बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के खिलाफ सीबीआई की छापेमारी को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष को बेवजह परेशान किया जा रहा है.

सिंह ने मोदी सरकार के खिलाफ हमला जारी रखते हुए कहा कि देश से गेहूं बाहर भेजने पर एकाएक रोक लगाए जाने से छोटे व मध्यम व्यापारियों के हजारों करोड़ रुपये के निर्यात सौदे अटक गए हैं जिससे उन्हें तगड़ा नुकसान झेलना पड़ रहा है. पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ भाजपा का दामन थामने के बाद कांग्रेस नेताओं पर गांधी परिवार की चापलूसी का आरोप लगा रहे हैं, इस पर सिंह ने उन पर तंज कसते हुए कहा,”उन्हें (जाखड़) यह बात समझने में कितना समय लग गया.”

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य की मौजूदा भाजपा सरकार की प्रशासनिक चूक के कारण आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को केवल 14 फीसद आरक्षण मिलेगा, जबकि वर्ष 1994 से लेकर अब तक हुए पांच चुनावों के दौरान इस तबके को 27 प्रतिशत आरक्षण हासिल था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu