ईडी ने हिमाचल और उत्तर प्रदेश में ‘अवैध’ खनन के मामलों में दो लोगों को किया गिरफ्तार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 19 Nov 2024 09:58 PM
ईडी ने हिमाचल और उत्तर प्रदेश में ‘अवैध’ खनन के मामलों में दो लोगों को किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/शिमला. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की नदियों में खनिजों के कथित अवैध खनन से जुड़े धनशोधन के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. संघीय जांच एजेंसी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि दोनों आरोपियों ज्ञानचंद और संजय धीमान को सोमवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया है. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दोनों को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया गया.

एजेंसी के मुताबिक यह मामला हिमाचल प्रदेश में ब्यास नदी और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में यमुना नदी में अनधिकृत तरीके से रेत और खनिज खनन से संबंधित है. विज्ञप्ति के मुताबिक ईडी को औपचारिक शिकायतें और खुफिया सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें ज्ञानचंद सहित कई खनन माफियाओं द्वारा ब्यास नदी से अवैध रेत और खनिज खनन करने और इससे सैकड़ों करोड़ रुपये की आपराधिक आय अर्जित करने का आरोप लगाया गया. ईडी ने धन शोधन का मामला दर्ज करने के लिए दोनों राज्यों में दर्ज पुलिस प्राथमिकियों का संज्ञान लिया.

विज्ञप्ति के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और ऊना जिलों में अवैध खनन से संबंधित विभिन्न पुलिस थानों दर्ज छह प्राथमिकी का विश्लेषण किया गया है. आरोप है कि सरकारी जमीन पर ‘अवैध’ खनन गतिविधियां चल रही थीं और इस गतिविधि में टिपर, भारी अर्थमूवर मशीनें, जेसीबी और ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया जा रहा था.

इसमें कहा गया है,”ये वाहन खनिजों के अवैध निकासी में संलिप्त थे तथा इन्हें गैर कानूनी तरीके से वाहनों में क्षमता से अधिक लादकर पत्थर तोड़ने वाली मशीनों तक ले जाया जा रहा था.” ईडी के मुताबिक ज्ञानचंद के खिलाफ एक नवंबर को सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के बेहट पुलिस थाना में खान एवं खनिज (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 1957 और कुछ अन्य कानूनों के तहत एक और प्राथमिकी दर्ज की गई थी और इस शिकायत को हिमाचल प्रदेश में दर्ज शिकायतों के साथ जोड़ दिया गया था.

संघीय एजेंसी के मुताबिक विभिन्न व्यक्तियों के ठिकानों की तलाशी ली गई और ‘अपराध में संलिप्तता’ का संकेत करने वाली सामग्री की जांच में ज्ञात हुआ कि ज्ञानचंद और उसके सहयोगी ब्यास नदी से लेकर यमुना नदी तक अवैध खनन कार्यों में संलिप्त हैं. राज्य के पूर्व उद्योग मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बिक्रम सिंह ने ईडी द्वारा की गई गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए दावा किया कि ”मुख्यमंत्री के करीबी लोग जेल में हैं”.

उन्होंने कहा, ”अवैध खनन की शिकायत की जांच ईडी द्वारा की गई और दोषी पाए गए लोगों को जेल भेज दिया गया है.” मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हालांकि कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र नादौन से किसी को गिरफ्तार किया गया है, सिर्फ इसलिए उन्हें इससे नहीं जोड़ा जाना चाहिए. उन्होंने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा नेता को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav