ईडी ने ब्रिटेन में रह रहे संजय भंडारी से जुड़े मामले में रॉबर्ट वाद्रा के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया

नयी दिल्ली. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के पति एवं कारोबारी रॉबर्ट वाद्रा के खिलाफ ब्रिटेन में रह रहे हथियार कारोबारी संजय भंडारी से जुड़े धनशोधन मामले में आरोपपत्र दाखिल किया है. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अनुपूरक अभियोजन शिकायत यहां विशेष धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) अदालत में दायर की गई है. अधिकारियों ने कहा कि मामले को संज्ञान संबंधी कार्यवाही के लिए छह दिसंबर को सूचीबद्ध किया गया है.

वाद्रा के खिलाफ धनशोधन के मामले में यह दूसरा आरोपपत्र है. जुलाई में, ईडी ने हरियाणा के शिकोहपुर में एक ज.मीन सौदे में कथित गड़बड़ियों से जुड़े धनशोधन मामले में उनके खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था. ईडी भंडारी से जुड़े मामले में 56 साल के वाद्रा से विगत में पूछताछ कर चुकी है. इस पर वाद्रा या उनकी कानूनी टीम की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. भंडारी के प्रत्यर्पण का आग्रह ब्रिटेन की अदालत ने खारिज कर दिया था. उसे जुलाई में दिल्ली की एक अदालत ने भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया था. दिल्ली में आयकर विभाग के 2016 में 63 वर्षीय भंडारी के यहां छापा मारने के बाद वह लंदन भाग गया था.

ईडी ने फरवरी 2017 में भंडारी और अन्य के खिलाफ पीएमएलए के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया था. यह मामला 2015 के कालाधन रोकथाम कानून के तहत उसके खिलाफ दाखिल आयकर विभाग के आरोपपत्र का संज्ञान लेने के बाद दर्ज किया गया था.
एजेंसी मामले में पूर्व में दो आरोपपत्र दायर कर चुकी है, साथ ही वह लंदन में स्थित एक घर के संबंध में भंडारी के वाद्रा के साथ रिश्तों की भी जांच कर रही है.

ईडी ने 2023 में इस मामले में दायर दूसरे पूरक आरोपपत्र में आरोप लगाया कि भंडारी ने 2009 में लंदन में 12, ब्रायनस्टन स्क्वायर क्षेत्र में एक मकान लिया और ”रॉबर्ट वाद्रा के निर्देशों के अनुसार” इसका नवीनीकरण कराया तथा नवीनीकरण के लिए धन रॉबर्ट वाद्रा द्वारा प्रदान किया गया था. वाद्रा ने इस बात से इनकार किया है कि उनके पास प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लंदन की किसी भी संपत्ति का स्वामित्व है. उन्होंने इन आरोपों को अपने खिलाफ राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा है कि राजनीतिक स्वार्थ साधने के लिए उन्हें परेशान किया जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button